Sara Arjun New Film: बॉलीवुड निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में है. ये फिल्म सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भी चर्चा का विषय बनी हुई है. फिल्म में रणवीर सिंह ने हमजा के किरदार को दमदार अंदाज में निभाकर लोगों का दिल जीत लिया है. उनके साथ आर माधवन, संजय दत्त और राकेश बेदी की एक्टिंग को भी काफी सराहना मिल रही है.
इसी फिल्म के जरिए एक और नाम तेजी से चर्चा में आया है सारा अर्जुन. फिल्म में उनकी और रणवीर सिंह की जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया है. सारा ने अपने अभिनय से खास पहचान बनाई है और अब उनकी सफलता के साथ एक नई बड़ी खबर भी सामने आ रही है.
सारा अर्जुन के करियर में नया मौका
सारा अर्जुन इस समय अपने करियर के बेहतरीन दौर में हैं. गल्फ न्यूज के मुताबिक सारा अर्जुन के हाथ जोया अख्तर की बिग बजट फिल्म लगी है, उन्हें एक बड़े बजट की नई फिल्म का ऑफर मिला है. बताया जा रहा है कि ये फिल्म जोया अख्तर के प्रोडक्शन हाउस ‘टाइगर बेबी’ के तहत बनाई जाएगी.
इस प्रोजेक्ट में सारा अर्जुन के साथ ईशान खट्टर मुख्य भूमिका में नजर आ सकते हैं. फिल्म का निर्देशन अर्जुन वरैन सिंह करेंगे, जो खो गए हम कहां के लिए पहचाने जाते हैं. हालांकि, इस फिल्म को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन खबरों ने इंडस्ट्री में हलचल जरूर पैदा कर दी है. साथ ही एक्ट्रेस ने भी अपने इंस्टा पर ईशान संग एक वीडियो शेयर किया है.
‘A Perfect Match’ पोस्ट से बढ़ीं अटकलें
हाल ही में जोया अख्तर ने अपने सोशल मीडिया पर ‘A Perfect Match’ नाम की एक स्क्रिप्ट की तस्वीर शेयर की थी. इस पोस्ट में उन्होंने केवल ‘कबीर’ और ‘नव्या’ नाम का जिक्र करते हुए दर्शकों को इंतजार करने के लिए कहा.
इसके बाद से ही इस प्रोजेक्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. साथ ही, एक हालिया शूट के कुछ बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो भी सामने आए, जिससे ये कयास लगाए जा रहे हैं कि सारा अर्जुन और ईशान खट्टर इस रहस्यमयी फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं.

