Home > मनोरंजन > Bollywood villain: जब अमरीश पुरी ने गोविंदा को सरेआम मारा थप्पड़, दोनों ने कभी साथ काम न करने की खाई कसम, जानिए वजह

Bollywood villain: जब अमरीश पुरी ने गोविंदा को सरेआम मारा थप्पड़, दोनों ने कभी साथ काम न करने की खाई कसम, जानिए वजह

Bollywood villain: अमरीश पुरी हिंदी सिनेमा के सबसे दमदार खलनायकों में गिने जाते हैं, जिनकी शानदार अदाकारी और रौबदार आवाज ने उन्हें अलग पहचान दिलाई. वह अपने काम के प्रति बेहद अनुशासित और समय के पाबंद थे. एक फिल्म की शूटिंग के दौरान गोविंदा के 9 घंटे लेट आने पर अमरीश पुरी का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने उन्हें थप्पड़ मार दिया.

By: Ranjana Sharma | Published: March 29, 2026 9:38:37 AM IST



Bollywood villain: जब भी हिंदी सिनेमा के सबसे दमदार विलेन की चर्चा होती है, तो अमरीश पुरी का नाम सबसे पहले सामने आता है. बड़े पर्दे पर उन्होंने अपने खलनायक किरदारों से ऐसा प्रभाव छोड़ा कि आज भी उनका जादू कायम है. कई फिल्मों में उनकी मौजूदगी इतनी मजबूत होती थी कि हीरो भी उनके सामने फीके पड़ जाते थे. अमरीश पुरी सिर्फ विलेन ही नहीं थे, बल्कि उनका रुतबा किसी सुपरस्टार से कम नहीं था. उनकी गहरी आवाज, सख्त व्यक्तित्व और प्रभावशाली स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें अलग पहचान दिलाई. उनके निभाए गए किरदार आज भी दर्शकों के जेहन में बसे हुए हैं. बड़े पर्दे पर खूंखार किरदार निभाने वाले अमरीश पुरी असल जिंदगी में भी कई बार उसी सख्त अंदाज में नजर आते थे. वह अपने काम को लेकर बेहद अनुशासित और समय के पाबंद थे, और किसी भी तरह की लापरवाही उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं थी.

जब गोविंदा को जड़ दिया थप्पड़

एक बार अमरीश पुरी ने गोविंदा जैसे सुपरस्टार को थप्पड़ मार दिया था. दरअसल, गोविंदा सेट पर देर से आने के लिए मशहूर थे. एक फिल्म की शूटिंग के दौरान अमरीश पुरी समय पर सुबह 9 बजे सेट पर पहुंच गए थे, लेकिन गोविंदा का कहीं पता नहीं था. गोविंदा के इंतजार में पूरी टीम थक चुकी थी. वह शाम करीब 6 बजे सेट पर पहुंचे, यानी लगभग 9 घंटे की देरी से. उनकी इस लेटलतीफी से अमरीश पुरी का गुस्सा भड़क गया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि अमरीश पुरी ने गुस्से में आकर गोविंदा को थप्पड़ मार दिया. यह घटना उस समय काफी चर्चा में रही और इंडस्ट्री में भी इसे लेकर काफी बातें हुईं.

आमिर खान को भी लगाई थी फटकार

सिर्फ गोविंदा ही नहीं, बल्कि आमिर खान को भी अमरीश पुरी के गुस्से का सामना करना पड़ा था. साल 1985 में आई फिल्म जबरदस्त की शूटिंग के दौरान यह घटना हुई थी. उस समय आमिर खान अपने चाचा और फिल्म के डायरेक्टर नासिर हुसैन की मदद कर रहे थे. शूटिंग के दौरान आमिर खान ने एक सीन को लेकर अमरीश पुरी को दो-तीन बार टोका, जिससे वह नाराज हो गए. गुस्से में उन्होंने आमिर को सेट पर सबके सामने जमकर डांट दिया.

बाद में मांगी माफी

हालांकि, जब अमरीश पुरी को पता चला कि आमिर खान, नासिर हुसैन के भतीजे हैं, तो उन्होंने तुरंत अपनी गलती स्वीकार की और आमिर से माफी मांग ली. अमरीश पुरी सिर्फ अपने अभिनय के लिए ही नहीं, बल्कि अपने अनुशासन और मजबूत व्यक्तित्व के लिए भी जाने जाते थे. उनकी यही खासियत उन्हें बॉलीवुड के सबसे यादगार और सम्मानित कलाकारों में शामिल करती है.

Advertisement