Uttam Nagar Tension Alert: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में हालिया घटनाओं के बाद सांप्रदायिक तनाव की आशंका को लेकर मामला अब अदालत तक पहुंच गया है. ईद से पहले शांति और सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है.
हाई कोर्ट से तत्काल सुनवाई की मांग
असोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR) की ओर से दायर याचिका में दिल्ली हाई कोर्ट से तुरंत सुनवाई का अनुरोध किया गया. चीफ जस्टिस की बेंच के सामने पेश याचिका में इलाके में बढ़ते तनाव और संभावित खतरे को गंभीर बताया गया है.
ऐसे बढ़ा विवाद
तनाव की शुरुआत 4 मार्च की घटना से जुड़ी है, जब होली के दौरान एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. JJ कॉलोनी में 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद इलाके में माहौल बिगड़ गया. याचिका में सोशल मीडिया पर फैल रहे भड़काऊ संदेशों और कथित ‘आक्रोश सभाओं’ का जिक्र किया गया है. आरोप है कि कुछ समूहों द्वारा त्योहार को लेकर उकसाने वाले बयान दिए जा रहे हैं, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो सकती है.
ईद से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
उत्तम नगर और आसपास के इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. द्वारका जिले के छावला इलाके में भी एक अन्य आपराधिक घटना के बाद तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए हैं. आसपास के रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
लोगों में डर का माहौल
स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है. कुछ परिवार अस्थायी रूप से इलाके से बाहर जाने की योजना बना रहे हैं, जबकि व्यापारियों ने भी चिंता जताई है. द्वारका जिले के पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर नजर रखी जा रही है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस भी भेजे गए हैं. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस लगातार स्थानीय लोगों और समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ शांति बैठकें कर रही है. प्रशासन का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है.

