Bharat Bandh 12 Feb 2026: सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के अलावा किसान संगठनों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार (12 फरवरी, 2026) को भारत बंद का एलान किया है. भारत बंद के दौरान दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में विरोध-प्रदर्शन की तैयारी ट्रेड यूनियनों की ओर से की गई है. सड़कों पर उतरकर संगठन कई जगहों पर जाम लगा सकते हैं. इसके अलावा, प्रदर्शन के दौरान नेताओं के पुतले भी फूंके जाएंगे. ट्रेड यूनियनों से जुड़े नेताओं/कार्यकर्ताओं के मुताबिक, प्रदर्शनों के चलते उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा समेत कई राज्यों में पब्लिक सेक्टर के बैंकों के अलावा सरकारी ऑफिस भी बंद रह सकते हैं. सड़कों पर प्रदर्शन तेज हुआ तो गुरुवार सुबह से ही ट्रांसपोर्ट सर्विस ठप पड़ सकती है, जबकि बाजार भी बंद रह सकते हैं.
क्या स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद
भारत बंद के दौरान ज्यादातर राज्यों में स्कूल-कॉलेज खुले रहेंगे. स्कूल और कॉलेज बंद करने को लेकर कोई भी आदेश राज्य सरकारों की ओर से जारी नहीं किया गया है. ऐसे में माना जा रहा है कि स्कूलों के संचालन पर भारत बंद का कोई असर नजर नहीं आएगा. जानकारों का कहना है कि स्थानीय हालात के आधार पर जिला प्रशासन या राज्य सरकारें विरोध-प्रदर्शनों से प्रभावित इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद रख सकते हैं.
बाजार-मार्केट खुलेंगे!
मिली जानकारी के मुताबिक, किसान संगठन और सेंट्रल ट्रेड यूनियन से जुड़े कई संगठन 12 फरवरी, 2026 को भारत बंद में शिरकत करेंगे.ट्रेड यूनियनों से पदाधिकारियों की मानें तो यह हड़ताल नए लेबर कोड और इंडिया-US ट्रेड डील के विरोध में हैं. ऐसे में किसानों के साथ-साथ व्यापारी और कारोबारी के साथ दुकानदार भी शामिल हो सकते हैं. किसान संगठनों का कहना है कि अमेरिका के साथ भारत की ट्रेड डील धरातल पर उतरी तो इससे घरेलू खेती को नुकसान होगा. हालांकि, इससे क्या नुकसान होगा, इस पर किसान संगठनों को पूरी जानकारी अभी नहीं है. बावजूद इसके अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर देशभर में किसान संगठनों और ट्रेड यूनियनों द्वारा विरोध प्रदर्शन की योजना है. विरोध प्रदर्शन के दौरान निशाने पर केंद्र सरकार रहेगी.
कौन-कौन से संगठन और यूनियन होंगी शामिल
INTUC
AITUC
HMS
CITU
AIUTUC
TUCC
SEWA
AICCTU
LPF
UTUC
स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गुरुवार ( 12 फरवरी, 2026)को पूरे देश में बैंक हड़ताल होने वाली है.हड़ताल के दौरान काम पर कुछ हद तक असर पड़ सकता है. IDBI बैंक को भी बैंक यूनियनों से हड़ताल का ऑफिशियल नोटिस मिला है. ऑनलाइन बैंकिंग और ATM सर्विसेज़ जारी रह सकती हैं, हालांकि थोड़ी देरी हो सकती है.