Home > बिहार > Nalanda Army Jawan:  नालंदा के आर्मी जवान सुमन कुमार सिंह का निधन, गांव में शोक की लहर, अंतिम विदाई में गूंजे नारे

Nalanda Army Jawan:  नालंदा के आर्मी जवान सुमन कुमार सिंह का निधन, गांव में शोक की लहर, अंतिम विदाई में गूंजे नारे

Nalanda Army Jawan:  नालंदा के आर्मी जवान सुमन कुमार सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.

By: Ranjana Sharma | Published: March 28, 2026 4:02:05 PM IST



Nalanda Army Jawan: बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले आर्मी जवान जेसीओ सुमन कुमार सिंह उर्फ पंकज (45) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. 27 मार्च को उन्होंने अंतिम सांस ली, जिससे परिवार और क्षेत्र में गहरा शोक फैल गया. शुक्रवार रात जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मोकरमपुर मिर्चायगंज पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों ने “शहीद सुमन कुमार अमर रहे” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी.

परिवार का हाल देख हर कोई हुआ भावुक

पत्नी पार्थिव शरीर से लिपटकर बिलखती रही, वहीं बच्चे अपने पिता को एकटक निहारते रहे. यह मार्मिक दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. सुमन कुमार सिंह लद्दाख में तैनात थे. ड्यूटी के दौरान हिमस्खलन की चपेट में आने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया.

लखनऊ में चल रहा था इलाज

करीब एक महीने से उनका इलाज लखनऊ के अस्पताल में चल रहा था. वे ब्लड कैंसर और पीलिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे. डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. परिजनों के अनुसार, सुमन कुमार परिवार के स्तंभ थे. दो भाइयों में वे बड़े थे, जबकि उनके छोटे भाई सीआईएसएफ में कार्यरत हैं. अपने पीछे वे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं.

मंत्री श्रवण कुमार ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम संस्कार में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार शामिल हुए और दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि जवान की सेवा कभी बेकार नहीं जाएगी और सरकार हर संभव मदद करेगी. ग्रामीणों ने सरकार से शहीद जवान के परिवार को मिलने वाली सभी सुविधाएं देने की मांग की. मंत्री ने आश्वासन दिया कि नियमों के अनुसार पूरी सहायता प्रदान की जाएगी.

Advertisement