0
Vivek Sinha salary rumor: आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ इस समय बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही है. फिल्म ने रिलीज के सिर्फ 22 दिनों में 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर इतिहास रच दिया है. इसी बीच फिल्म के कलाकारों की फीस को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें भी फैल रही हैं, जिन पर अब अभिनेता विवेक सिन्हा ने खुद सामने आकर सफाई दी है.
बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का जलवा
धुरंधर द रिवेंज’ ने रिलीज के बाद से ही शानदार कमाई करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है. महज 22 दिनों में 1600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की बड़ी उपलब्धियों में शामिल कर चुका है. फिल्म की कहानी, एक्शन और स्टारकास्ट को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है.
एक्टर्स को लेकर बढ़ी फैंस की दिलचस्पी
फिल्म की सफलता के बाद दर्शकों के बीच इसके कलाकारों को लेकर उत्सुकता भी काफी बढ़ गई है. ‘धुरंधर 2’ के रिलीज होते ही फैंस हर छोटे-बड़े किरदार के बारे में जानना चाहते हैं. इसी कारण राकेश बेदी और दानिश पंडोर जैसे कलाकार भी अचानक चर्चा में आ गए हैं और इंटरनेट पर ट्रेंड कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर इन दिनों फिल्म के कलाकारों की कथित फीस को लेकर कई चार्ट वायरल हो रहे हैं. इनमें विवेक सिन्हा की फीस को लेकर भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं-कहीं 1 करोड़ रुपये तो कहीं 80 लाख रुपये. इन आंकड़ों ने लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है.
विवेक सिन्हा ने बताया सच
इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए विवेक सिन्हा ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इतनी बड़ी रकम नहीं मिली. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “भाई, कसम से इतना पैसा नहीं मिला है, ये सब मत डालो. विवेक ने बताया कि इन गलत खबरों के कारण कई लोग उन्हें मैसेज कर आर्थिक मदद तक मांग रहे हैं. लोगों को लग रहा है कि उन्होंने फिल्म से करोड़ों कमाए हैं, जबकि हकीकत इससे काफी अलग है.
‘जो मिला, अच्छा मिला लेकिन करोड़ों नहीं’
एक्टर ने आगे कहा, “मुझे ‘धुरंधर’ से पैसा मिला है, अच्छा पैसा मिला. जितनी उम्मीद थी उतना मिला, लेकिन जितना बताया जा रहा है उतना नहीं. जो पैसा मिला था वो अब खत्म हो चुका है. मैं मुंबई में रहता हूं और यहां खर्चा बहुत ज्यादा है. विवेक सिन्हा का मानना है कि एक कलाकार के लिए सिर्फ फीस ही सब कुछ नहीं होती. उनके अनुसार, अच्छे रोल और मजबूत किरदार ज्यादा मायने रखते हैं. वह ऐसे प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देते हैं जो उनके अभिनय को निखारें और दर्शकों से उन्हें जोड़ें.‘धुरंधर’ की सफलता के बाद विवेक सिन्हा लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं. वह इंडस्ट्री में अपनी पहचान को मजबूत करने के लिए अलग-अलग तरह के किरदार निभाने पर ध्यान दे रहे हैं.
अफवाहों पर लगा विराम
विवेक सिन्हा के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि उनकी फीस को लेकर वायरल हो रही 1 करोड़ रुपये वाली खबर पूरी तरह से गलत थी. फैंस इस बात से खुश हैं कि एक्टर ने खुद सामने आकर सच्चाई बताई और गलत जानकारी को रोकने की कोशिश की.