Sonam Kapoor 2nd Child: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनम कपूर ने अपने पति अनंद अहुजा के साथ अपने दूसरे बच्चे का स्वागत किया है. इस बार उनके घर एक नन्हे बेटे का जन्म हुआ है, जिससे उनके परिवार में खुशी का माहौल है. सोनम कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम के जरिए इस खास पल को अपने फैंस के साथ शेयर किया. उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि 29 मार्च 2026 को उनके बेटे का जन्म हुआ है और वे बेहद खुश और आभारी महसूस कर रही हैं.
उन्होंने बताया कि इस नए सदस्य के आने से उनका परिवार और भी पूरा हो गया है. उनके शब्दों में, ये उनके जीवन का एक बेहद खूबसूरत और खास पल है.
बड़े भाई वायु भी हैं बेहद खुश
सोनम ने अपने संदेश में ये भी बताया कि उनका पहला बेटा वायु कपूर अहुजा अपने छोटे भाई के आने से बहुत खुश है. परिवार में अब चार सदस्य हो गए हैं और सभी इस नए सफर की शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं.
सोनम की इस खुशखबरी के बाद बॉलीवुड से कई सितारों ने उन्हें बधाई दी. करीना कपूर खान ने कमेंट में ‘कांग्रैचुलेशन’ लिखकर अपनी खुशी जाहिर की. इसके अलावा रिया कपूर, हुमा कुरेशी और कई अन्य सेलेब्रिटीज ने भी रेड हार्ट इमोजी के साथ शुभकामनाएं दीं.
नवंबर 2025 में किया था प्रेग्नेंसी का ऐलान
सोनम कपूर ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की जानकारी नवंबर 2025 में दी थी. उस समय उन्होंने कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें वो पिंक आउटफिट में नजर आईं और अपने बेबी बंप को प्यार से थामे दिखीं. उन्होंने कैप्शन में सिर्फ ‘मदर’ लिखकर अपनी भावनाएं जाहिर की थीं.
शादी और पहला बच्चा
सोनम कपूर और आनंद आहूजा की शादी साल 2018 में हुई थी. इसके बाद अगस्त 2022 में उन्होंने अपने पहले बेटे वायु का स्वागत किया था. अब दूसरे बेटे के जन्म के साथ उनका परिवार और भी खुशहाल हो गया है.
नई शुरुआत की ओर कदम
दूसरे बच्चे के आने से सोनम और आनंद के जीवन में एक नई शुरुआत हुई है. उन्होंने इस पल को अपने जीवन का सबसे खूबसूरत अध्याय बताया और अपने फैंस के साथ इस खुशी को शेयर किया. ये खुशखबरी उनके चाहने वालों के लिए भी बेहद खास है, जो इस परिवार को ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहे हैं.