Ravi Sharma rentvesting: ऑस्ट्रेलिया के एक प्रॉपर्टी निवेशक ने अपनी जीवनशैली को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसने कई लोगों को हैरान कर दिया. भारतीय मूल के 32 वर्षीय उद्यमी रवि शर्मा के पास देशभर में 226 करोड़ की संपत्तियां हैं, लेकिन इसके बावजूद वे खुद किराए के मकान में रहते हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक, शर्मा ने चुपचाप करीब 25 मिलियन डॉलर का रियल एस्टेट पोर्टफोलियो तैयार किया है.
क्यों रहते हैं किराए के मकान में
रवि शर्मा सर्च प्रॉपर्टी बायर्स एजेंसी के संस्थापक हैं. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उनकी एजेंसी को 2023 और 2024 में आरईबी अवार्ड्स में ‘बेस्ट बायर्स एजेंसी’ श्रेणी में फाइनलिस्ट के रूप में नामित किया गया था. हाल ही में प्रॉपर्टी ऐप कोपोसिट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपनी निवेश रणनीति और निजी फैसलों पर खुलकर बात की.
ऑस्ट्रेलिया के अलग-अलग हिस्सों में संपत्ति
शर्मा ने बताया कि उनके पास लगभग 25 मिलियन डॉलर का पोर्टफोलियो है, जिसमें करीब 20 संपत्तियां शामिल हैं. उन्होंने कहा कि सिडनी में उनकी सिर्फ एक-दो प्रॉपर्टी हैं, जबकि बाकी संपत्तियां ऑस्ट्रेलिया के अलग-अलग हिस्सों में फैली हुई हैं. इतनी संपत्तियों के मालिक होने के बावजूद शर्मा सिडनी के मैक्वेरी पार्क स्थित तीन बेडरूम वाले पेंटहाउस में पत्नी के साथ किराए पर रहते हैं. इसके लिए वे हर हफ्ते करीब 1,420 डॉलर किराया देते हैं. उनका यह फैसला ‘रेंटवेस्टिंग’ रणनीति पर आधारित है—यह एक ऐसा ट्रेंड है जिसमें निवेशक पसंदीदा इलाके में किराए पर रहते हैं और अपेक्षाकृत सस्ते इलाकों में निवेश के तौर पर प्रॉपर्टी खरीदते हैं.
21 साल की उम्र खरीद लिया था पहला घर
रवि शर्मा का रियल एस्टेट सफर कम उम्र में ही शुरू हो गया था. महज 21 साल की उम्र में उन्होंने डब्बो में 1,90,000 डॉलर में तीन बेडरूम का अपना पहला घर खरीदा था. इसके बाद अगले दस वर्षों में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के अलग-अलग शहरों में संपत्तियां खरीदकर और उन्हें किराए पर देकर अपने पोर्टफोलियो का लगातार विस्तार किया. उन्होंने यह भी बताया कि सिडनी में खुद के रहने के लिए घर खरीदने पर भारी डाउन पेमेंट की जरूरत पड़ती, जिससे उनकी निवेश पूंजी फंस जाती. शर्मा के मुताबिक, किराया न देना आकर्षक विकल्प लग सकता था, लेकिन इतनी बड़ी रकम ऐसी संपत्ति में लगाना जो रिटर्न न दे, उन्हें उचित नहीं लगा. साथ ही, भविष्य में घर बेचने पर स्टांप ड्यूटी जैसे खर्चों से मुनाफा भी कम हो सकता था.
यहां भी बनाई अलग पहचान
रियल एस्टेट के अलावा शर्मा ने फाइनेंस की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई है. उन्हें 2024 में ऑस्ट्रेलियन बिजनेस न्यूज की ओर से प्रॉपर्टी और कंस्ट्रक्शन श्रेणी में ‘यंग एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर’ चुना गया था. वे ‘पर्सनल फाइनेंस विद रवि शर्मा’ नाम से एक यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं, जिसके एक लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं.