Split Vs Windows AC: गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर हर घर की जरूरत बन जाता है. लेकिन AC लेने से पहले सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि Split AC लें या Window AC? कई बार लोग सिर्फ कीमत देखकर निर्णय लेते हैं, लेकिन बिजली की खपत और कमरे की स्थिति भी इस फैसले में अहम भूमिका निभाती हैं.
साधारण तौर पर देखा जाए तो 1.5 टन की क्षमता वाला Window AC एक घंटे में लगभग 1.5 से 1.8 यूनिट बिजली खपत करता है. इसके मुकाबले, उसी क्षमता का Split AC 1.2 से 1.6 यूनिट बिजली इस्तेमाल करता है. इसका मतलब ये हुआ कि Split AC बिजली की खपत में थोड़ी कम है, खासकर तब जब वह इन्वर्टर तकनीक के साथ आता है.
बिजली बचत का मेन कारक
आजकल बाजार में अधिकांश Split AC इन्वर्टर तकनीक के साथ उपलब्ध हैं. ये तकनीक AC के कंप्रेसर की गति को कमरे की जरूरत के अनुसार एडजस्ट करती है. परिणामस्वरूप AC बार-बार ऑन और ऑफ नहीं होता और बिजली की बचत होती है. वहीं, Window AC आमतौर पर फिक्स्ड स्पीड पर काम करता है, जिससे बिजली का इस्तेमाल ज्यादा होता है.
कमरे के शेप और उपयोग का महत्व
AC की बिजली खपत सिर्फ उसके प्रकार पर निर्भर नहीं करती. कमरे का साइज, तापमान सेटिंग और इस्तेमाल का समय भी इसमें बड़ा रोल निभाते हैं. उदाहरण के लिए, अगर बड़ा कमरा है और AC छोटा है तो उसे ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी और बिजली ज्यादा खपत होगी. इसी तरह, अगर तापमान बहुत कम रखा जाए तो बिजली बिल बढ़ने की संभावना भी बढ़ जाती है.
कौन सा AC आपके लिए बेहतर है?
अगर आपका लक्ष्य लंबी अवधि में बिजली की बचत करना है तो Split AC बेहतर ऑप्शन साबित हो सकता है. शुरुआती कीमत थोड़ी ज्यादा जरूर होती है, लेकिन समय के साथ बिजली बिल में फर्क नजर आता है. वहीं, छोटे कमरे और सीमित बजट के लिए Window AC किफायती और उचित ऑप्शन है. सीधे शब्दों में कहें, तो इन्वर्टर Split AC एक घंटे में Window AC की तुलना में कम बिजली खाता है और लंबे समय में फायदे में रहता है.

