Fridge Gas Leak: रेफ्रिजरेटर में गैस लीक होना गंभीर समस्या हो सकती है. अगर समय पर सावधानी न बरती जाए, तो ये न सिर्फ फ्रिज को नुकसान पहुंचा सकता है बल्कि घर में आग या स्वास्थ्य संबंधी खतरों का कारण भी बन सकता है. फ्रिज गैस (जैसे फ्रियोन) आमतौर पर रंगहीन होती है और इसे सांस के जरिए लेने पर नुकसान हो सकता है. लीक होने पर सबसे पहले अपने और अपने परिवार की सेफटी सुनिश्चित करना जरूरी है.
तुरंत उठाने वाले सेफटी कदम
पावर बंद और प्लग निकालें- अगर आपको फ्रिज से अजीब गंध आती है या वो ठंडा नहीं कर रहा है, तो सबसे पहले फ्रिज को बंद करें और प्लग निकाल दें. इसे तुरंत चालू करने की कोशिश न करें. ये कदम विस्फोट या आग लगने से बचाने के लिए बहुत जरूरी है.
कमरे को हवादार बनाएं- खिड़कियां और दरवाजे तुरंत खोल दें. गैस को बाहर निकलने दें. कमरे को हवादार बनाने से गैस का लेवल कम होगा और सांस लेने का खतरा घटेगा.
आग और ज्वलन स्रोतों से बचें- गैस लीक के दौरान कभी भी लाइट स्विच, फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या सिगरेट/माचिस का इस्तेमाल न करें. ये छोटे-से-छोटे इग्निशन स्रोत भी विस्फोट का कारण बन सकते हैं.
फ्रिज को सावधानी से हिलाएं- फ्रिज को दीवार से थोड़ी दूर खींचें ताकि गैस फैल सके. ध्यान रखें कि इसे जोर से खींचने से फ्रिज या पाइपलाइन को और नुकसान न पहुंचे.
घर खाली करें- अगर गैस की गंध तेज है, तो सभी लोग और पालतू जानवर तुरंत घर से बाहर निकलें. घर में रहने से सांस की तकलीफ, चक्कर या गंभीर स्वास्थ्य समस्या हो सकती है.
क्या करें?
फ्रिज में लीक की मरम्मत केवल प्रमाणित तकनीशियन द्वारा ही की जानी चाहिए. इस तरह की समस्या में तुरंत नजदीकी सर्विस सेंटर को कॉल करें और खुद मरम्मत करने की कोशिश न करें. लीक का पता कई संकेतों से लगाया जा सकता है, जैसे मीठी या रासायनिक (फ्रियोन जैसी) गंध का आना, फ्रिज का ठंडा न होना या खराब काम करना और जलती हुई गंध महसूस होना. हालांकि छोटी मात्रा में गैस जहरीली नहीं लगती, लेकिन अधिक मात्रा में इसके सांस में जाने से चक्कर, सिरदर्द, उल्टी और गंभीर मामलों में मृत्यु तक हो सकती है. इसके अलावा, लीक की वजह से रेफ्रिजरेंट लाइन गरम हो सकती है, जिससे आग लगने का भी खतरा रहता है. इसलिए, किसी भी लीक की स्थिति में विशेषज्ञ को तुरंत बुलाना जरूरी है.
क्या न करें?
खुद गैस लाइन ठीक करने की कोशिश न करें.
फ्रिज को वापस चालू न करें. कंपरेसर बिना कूलेंट के जल सकता है.
लीक के पास इलेक्ट्रिकल उपकरण का इस्तेमाल न करें.
लीक की मरम्मत के बाद तकनीशियन फ्रिज में फ्रियोन या अन्य रेफ्रिजरेंट को फिर से चार्ज करेगा. ये प्रक्रिया सुरक्षित और प्रमाणित तरीके से की जानी चाहिए ताकि फ्रिज पूरी तरह से काम करने लगे.

