Car Tips: अक्सर लोग सोचते हैं कि कार लोहे की बनी होती है, इसलिए गर्मी का उस पर ज्यादा असर नहीं पड़ता. लेकिन ये धारणा गलत है. तेज धूप न सिर्फ इंसानों के लिए मुश्किलें पैदा करती है, बल्कि आपकी कार के इंजन, टायर, बैटरी और एयर कंडीशनर जैसी जरूरी चीजों पर भी भारी प्रभाव डालती है. अगर समय रहते सावधानी न बरती जाए, तो छोटी-सी लापरवाही बड़े खर्च और परेशानी का कारण बन सकती है.
इसलिए गर्मियों में अपनी कार की सेफटी के लिए कुछ जरूरी कदम उठाना बेहद जरूरी है. नीचे हम आपको कुछ ऐसे टिप्स दे रहे हैं जो आपकी कार को गर्मी से बचाने में मदद करेंगे.
कार को हमेशा छांव में पार्क करें
गर्मी में कार को सीधे धूप में खड़ा करना आपके वाहन के लिए नुकसानदायक हो सकता है. लंबे समय तक धूप में रहने से कार का इंटीरियर गर्म हो जाता है और पेंट की चमक भी घट सकती है. अगर छांव उपलब्ध नहीं है, तो सनशेड का इस्तेमाल करें या खिड़कियां थोड़ा खुला छोड़कर हवा का आवागमन सुनिश्चित करें.
इंजन और कूलेंट का रखें ध्यान
गर्म मौसम में इंजन जल्दी गर्म होता है. इसलिए कूलेंट का सही लेवल बनाए रखना बेहद जरूरी है. अगर कूलेंट कम होगा, तो इंजन ओवरहीट हो सकता है और बड़ी तकनीकी खराबी हो सकती है. समय-समय पर कूलेंट की जांच करना आपके वाहन की लंबी उम्र और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जरूरी है.
टायर प्रेशर नियमित रूप से चेक करें
गर्मी में टायर के अंदर हवा फैल सकती है, जिससे प्रेशर बढ़ जाता है और फटने का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए ये जरूरी है कि आप रोजाना या कम से कम सप्ताह में एक बार टायर प्रेशर की जांच करें. ये छोटी सावधानी बड़ी दुर्घटना से बचा सकती है.
कार के एयर कंडीशनर की देखभाल
गर्मियों में कार का AC बेहद काम आता है. अगर AC पूरी तरह से ठंडा नहीं कर रहा है, तो इसे समय रहते सर्विस कराना बेहतर होता है. इससे न सिर्फ ड्राइविंग आरामदायक रहेगी, बल्कि AC सिस्टम पर अनावश्यक दबाव भी नहीं पड़ेगा.
जरूरी हिस्सों की जांच
उच्च तापमान बैटरी के लिए हानिकारक होता है क्योंकि गर्मी से बैटरी फ्लूइड कम हो सकता है. इसके अलावा, इंजन ऑयल, वाइपर और एयर फिल्टर जैसी चीज़ों को भी समय-समय पर चेक करना चाहिए. ये सुनिश्चित करता है कि अचानक कोई तकनीकी समस्या आपके सामने न आए.

