World Luxurious Prison: दुनिया के ज्यादातर देशों में जेल का नाम आते ही सख्त पहरे, तंग बैरक और सख्त नियमों वाली जिंदगी की तस्वीर सामने आ जाती है. लेकिन कुछ जगहों पर जेल का मॉडल बिल्कुल अलग है. यूरोप के देश Norway में कई जेल ऐसे हैं जिन्हें दुनिया के सबसे मानवीय और सुविधाजनक जेल सिस्टम का उदाहरण माना जाता है. यहां की Halden Prison और Bastøy Prison खास तौर पर चर्चा में रहती हैं, जहां कैदियों को सिर्फ सजा देने के बजाय उन्हें बेहतर इंसान बनाकर समाज में वापस भेजने पर जोर दिया जाता है.
नॉर्वे के जेल सिस्टम का मेन उद्देश्य कैदियों को केवल बंद करके रखना नहीं, बल्कि उनका पुनर्वास करना है. अधिकारियों का मानना है कि अगर कैदियों के साथ सम्मान और इंसानियत से पेश आया जाए तो वे रिहाई के बाद कानून का पालन करने वाले नागरिक बनने की ज्यादा संभावना रखते हैं. इसी वजह से यहां सजा के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक और सामाजिक सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है. इस मॉडल की सफलता इस बात से भी समझी जा सकती है कि नॉर्वे में दोबारा अपराध करने की दर दुनिया में सबसे कम मानी जाती है.
अपार्टमेंट जैसे प्राइवेट कमरे
यहां की जेलों के कमरे पारंपरिक लोहे की सलाखों वाले सेल से काफी अलग होते हैं. कैदियों को छोटे-छोटे अपार्टमेंट जैसे प्राइवेट कमरे दिए जाते हैं जिनमें फ्लैट-स्क्रीन टीवी, छोटा फ्रिज, स्टडी टेबल और बड़ी खिड़कियां होती हैं. इन सुविधाओं का मकसद कैदियों को एक सामान्य और संतुलित माहौल देना है, ताकि उनका मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहे.
सीखने और मनोरंजन की भरपूर सुविधाएं
नॉर्वे की जेलों में कैदियों के लिए कई तरह की गतिविधियां उपलब्ध होती हैं. यहां जिम, म्यूजिक स्टूडियो, लाइब्रेरी और यहां तक कि रॉक क्लाइंबिंग जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं. कैदी खाना बनाना, बढ़ईगीरी, खेती और म्यूजिक प्रोडक्शन जैसी उपयोगी स्किल भी सीख सकते हैं, जिससे रिहाई के बाद उन्हें काम पाने में मदद मिलती है.
कम सुरक्षा बाधाएं, ज्यादा भरोसा
Bastøy Prison एक द्वीप पर स्थित जेल है, जहां आम जेलों की तरह ऊंची दीवारें, कांटेदार तार या भारी हथियारों से लैस गार्ड दिखाई नहीं देते. यहां कैदी लकड़ी के कॉटेज में रहते हैं, खेतों में काम करते हैं, घुड़सवारी करते हैं और कई आउटडोर गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं. ये वातावरण उन्हें जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ जीवन जीने की सीख देता है.
सामान्य जीवन के लिए तैयारी
नॉर्वे का जेल सिस्टम कैदियों को समाज में दोबारा शामिल होने के लिए तैयार करता है. यहां कैदी जेल यूनिफॉर्म के बजाय सामान्य कपड़े पहन सकते हैं और स्टाफ के साथ सम्मानजनक तरीके से बातचीत करते हैं. ये माहौल तनाव को कम करता है और कैदियों को सजा पूरी होने के बाद सामान्य जीवन में आसानी से ढलने में मदद करता है.

