Today Weather News: देशभर का मौसम अब बदलने लगा है. मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक के मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया है. वहीं राजधानी दिल्ली में गर्मी में भी इजाफा देखने को मिल रहा है. वहीं अगर बात करें पहाड़ी इलाकों की तो यहां बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी है, इस बीच, हिंद महासागर से आने वाली हवाएं मौसम का नज़ारा बदल रही हैं. समुद्र के ऊपर बना ताकतवर साइक्लोन “होरासियो” 260 किलोमीटर प्रति घंटे तक की स्पीड पकड़ चुका है. मौसम विभाग का कहना है कि ये इस साल का सबसे खतरनाक तूफान होने वाला है. लेकिन इसका सीधा असर भारत पर नहीं पड़ेगा, इसने पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में मौसम को खराब कर दिया है. चलिए जान लेते हैं आज आपके शहर का हाल कैसा रहने वाला है.
दिल्ली-NCR का मौसम
आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है. आसमान ज़्यादातर साफ़ रहेगा और धूप तेज़ होगी. मौसम विभाग के अनुसार, दिन का तापमान लगातार बढ़ेगा, जो 29 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुँच जाएगा और होली के आसपास शायद 34°C तक पहुँच जाएगा.
UP का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम सूखा और गर्म रहने की संभावना है. ज़्यादा से ज़्यादा तापमान नॉर्मल से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज़्यादा रहने की उम्मीद है, जिससे दिन में गर्मी महसूस होगी. पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में तेज़ धूप रहेगी, जबकि रातें हल्की ठंडी रह सकती हैं.
उत्तराखंड का मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड में मौसम अलग-अलग रहेगा. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से 27 फरवरी से 2 और 4 मार्च के बीच पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की उम्मीद है.
बिहार का मौसम
बिहार में मौसम फिलहाल स्थिर और सूखा रहेगा. लेकिन, तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, मार्च की शुरुआत तक अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. दिन में धूप तेज रहेगी और दोपहर में गर्मी महसूस होने लगेगी.
हरियाणा-पंजाब का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और हरियाणा में मौसम दोहरे प्रभाव वाला रहेगा. एक ओर दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, वहीं सुबह के समय घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है. IMD ने पंजाब के कई इलाकों में 28 फरवरी तक सुबह घने कोहरे की संभावना जताई है.
जानें अन्य राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश और राजस्थान में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है, लेकिन तापमान तेज़ी से बढ़ेगा. दिन में तेज़ धूप से गर्मी बढ़ेगी और कई शहरों में तापमान नॉर्मल से ज़्यादा बढ़ सकता है.

