3
Live-in murder: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के दुर्गापुर इलाके से एक चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. हालांकि, करीब 20 दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पति से अलग अंकेश के साथ लिव-इन रह रही थीं प्रियंका
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अंकेश योगेश बहिरवार के रूप में हुई है, जो सोनापुर का रहने वाला है. मृतका 29 वर्षीय प्रियंका तुकुम थीं, जो पिछले कुछ समय से अंकेश के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं. जानकारी के अनुसार, प्रियंका अपने पति से अलग रह रही थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात अंकेश से हुई, जो उनसे उम्र में करीब सात साल छोटा था. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे दुर्गापुर स्थित प्रियंका के घर की ऊपरी मंजिल पर साथ रहने लगे. शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन समय के साथ उनके बीच छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर विवाद बढ़ने लगे.
पिता को फोन कर बताया प्रियंका बेहोश है
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच तनाव और मतभेद लगातार बढ़ रहे थे. बताया जा रहा है कि प्रियंका, अंकेश पर कुछ बातों को लेकर दबाव बनाती थीं और उसे परिवार से बातचीत करने से रोकती थीं, जिससे उनके बीच झगड़े होते रहते थे. घटना 14 मार्च की रात की है, जब अंकेश ने प्रियंका के पिता को फोन कर बताया कि वह बेहोश है और शायद उसने आत्महत्या कर ली है. जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो प्रियंका अचेत अवस्था में मिलीं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज
शुरुआत में यह मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन करीब 20 दिन बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी. रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि प्रियंका की मौत गला घोंटने से हुई है. इसके बाद पुलिस ने अंकेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मोबाइल चार्जर के तार से प्रियंका का गला घोंटा और फिर घटना को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की. दुर्गापुर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल से मोबाइल चार्जर का तार तथा एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया है. फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.