2
Bank holiday: अगर आप शुक्रवार को बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. भारतीय रिजर्व बैंक ( आरबीआई) की छुट्टियों की लिस्ट के अनुसार 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण देश के कई हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे. हालांकि कुछ राज्यों में बैंक खुले भी रह सकते हैं, इसलिए पहले अपने इलाके की स्थिति जान लेना जरूरी है.
गुड फ्राइडे पर क्यों बंद रहते हैं बैंक?
गुड फ्राइडे ईसाई धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे यीशु मसीह के बलिदान की याद में मनाया जाता है. मान्यता है कि इसी दिन उन्हें सूली पर चढ़ाया गया था. इस अवसर पर चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं होती हैं और कई राज्यों में इसे सार्वजनिक अवकाश के रूप में मनाया जाता है. यही वजह है कि इस दिन अधिकांश बैंक शाखाएं बंद रहती हैं.
किन राज्यों में 3 अप्रैल को बैंक रहेंगे बंद?
आरबीआई की छुट्टियों की सूची के अनुसार 3 अप्रैल, शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारण देश के ज्यादातर राज्यों में बैंक बंद रहेंगे. इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, केरल, आंध्रप्रदेश, गोवा, गुजरात, असम, पश्चिम बंगाल (कोलकाता), नागालैंड (कोहिमा), सिक्किम (गंगटोक), मिजोरम (आईजॉल), मणिपुर (इंफाल) और उत्तराखंड जैसे राज्य शामिल हैं. हालांकि कुछ स्थानों जैसे त्रिपुरा, चंडीगढ़, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में बैंकिंग सेवाएं सामान्य रह सकती हैं, लेकिन इसके लिए स्थानीय बैंक शाखा से पुष्टि करना बेहतर रहेगा.
महीने की शुरुआत में भी रहे बैंक बंद
अप्रैल महीने की शुरुआत में भी बैंकिंग सेवाओं पर असर देखने को मिला. 1 अप्रैल को अधिकांश राज्यों में सालाना अकाउंट क्लोजिंग के कारण बैंक बंद रहे, हालांकि कुछ पूर्वोत्तर राज्यों में कामकाज जारी रहा.
वहीं 2 अप्रैल को केरल में मौंडी थर्सडे के चलते बैंक बंद रखे गए.
वहीं 2 अप्रैल को केरल में मौंडी थर्सडे के चलते बैंक बंद रखे गए.
आगे भी कई दिन प्रभावित रहेगी बैंकिंग सेवाएं
अप्रैल में कई और तारीखों पर भी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी. 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, बैसाखी, तमिल नववर्ष और बिहू जैसे त्योहारों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे. इसके अलावा 15 अप्रैल को भी त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में स्थानीय त्योहारों के चलते अवकाश रहेगा. इसी तरह 16 अप्रैल को बिहू, 20 अप्रैल को कर्नाटक में बसवा जयंती और अक्षय तृतीया, तथा 21 अप्रैल को त्रिपुरा में गरिया पूजा के कारण बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है.
छुट्टियों में क्या रहेंगी चालू सेवाएं?
हालांकि इन छुट्टियों के दौरान बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन डिजिटल सेवाएं जारी रहेंगी. ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम के जरिए अपने जरूरी काम निपटा सकते हैं. लेकिन चेक क्लियरिंग, कैश जमा, डिमांड ड्राफ्ट जैसे काम इन दिनों में नहीं हो पाएंगे.