4
Ayodhya ram mandir darshan: अयोध्या की रामनगरी में श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी और बहुप्रतीक्षित सौगात सामने आई है, राम मंदिर परिसर में स्थित उप मंदिरों के दर्शन अब आम भक्तों के लिए खोल दिए जा रहे हैं, सोमवार से शुरू होने वाली इस व्यवस्था को लेकर देशभर के रामभक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, वहीं ऑनलाइन पास बुकिंग शुरू होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ वेबसाइट पर उमड़ पड़ी और पहले ही दिन 13 अप्रैल के लिए अधिकतर स्लॉट फुल हो गए.
राम मंदिर उप मंदिरों के दर्शन शुरू, श्रद्धालुओं में उत्साह
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुसार राम मंदिर परिसर के उप मंदिरों में दर्शन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू की जा रही है, इसके लिए पहले चरण में 13 अप्रैल से 27 अप्रैल तक ऑनलाइन पास जारी किए जा रहे हैं, जैसे ही बुकिंग शुरू हुई, श्रद्धालुओं ने तेजी से स्लॉट रिजर्व करने शुरू कर दिए और कुछ ही घंटों में बड़ी संख्या में पास बुक हो गए. ट्रस्ट की वेबसाइट पर 13 अप्रैल के लिए उपलब्ध सभी सात स्लॉटों में शाम चार बजे तक लगभग 80 प्रतिशत पास बुक हो चुके थे, प्रत्येक दिन के लिए करीब 3500 सामान्य पास जारी किए जा रहे हैं, जबकि हर स्लॉट में 500-500 श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जा रहा है, ये स्लॉट सुबह 7 से 9, 9 से 11, 11 से 1, 1 से 3, 3 से 5, 5 से 7 और 7 से 9 बजे तक निर्धारित किए गए हैं.
ऑनलाइन बुकिंग, पहले दिन स्लॉट लगभग फुल
पहले दिन के शुरुआती दो स्लॉट पूरी तरह से भर चुके हैं, जबकि दिन के अंतिम स्लॉट भी लगभग 90 प्रतिशत तक बुक हो चुके हैं, एक पास पर अधिकतम पांच श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं, यानी एक दिन में करीब 17,500 श्रद्धालुओं को उप मंदिरों के दर्शन का अवसर मिलेगा, इस नई व्यवस्था को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है.
कौन-कौन से उप मंदिर होंगे दर्शन के लिए खुले
राम मंदिर परिसर में कई महत्वपूर्ण उप मंदिरों के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए खोले जा रहे हैं, जिनमें शामिल हैं-
- सप्त मंडपम: महर्षि वाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वशिष्ठ, निषादराज, अहिल्या और माता शबरी
- शेषावतार मंदिर: भगवान लक्ष्मण जी का मंदिर
- कुबेर टीला: भगवान शिव का मंदिर
- राम परिवार: राम मंदिर के दूसरे तल पर स्थित मंदिर
इसके साथ ही परकोटा क्षेत्र के गणेश मंदिर का भी दर्शन किया जा सकेगा.
ऑनलाइन पास व्यवस्था से दर्शन होंगे आसान
दर्शन व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए ट्रस्ट ने ऑनलाइन पास प्रणाली लागू की है, श्रद्धालु श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट srjbtkshetra.org पर जाकर दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पास बुक कर सकते हैं, इसका उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और भक्तों को सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है.
ट्रायल के बाद पूरी व्यवस्था लागू होगी
फिलहाल इस व्यवस्था को एक सप्ताह के ट्रायल के रूप में चलाया जाएगा, इसके बाद परकोटा के सभी मंदिरों को भी दर्शन के लिए खोलने की योजना है, साथ ही सुगम और विशिष्ट पास धारकों को भी उप मंदिरों में दर्शन की सुविधा दी जाएगी, यह जानकारी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र द्वारा दी गई है.