1
Khesari Lal Yadav live show: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका गाना नहीं बल्कि उनके कार्यक्रम में मचा बवाल है. मुजफ्फरपुर में आयोजित एक पशु मेले में उनके लाइव शो के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.
एक लाख से ज्यादा की भीड़, व्यवस्था हुई फेल
यह कार्यक्रम औराई के पूर्व बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री राम सूरत राय द्वारा गरहा थाना क्षेत्र में आयोजित पशु मेले में रखा गया था. खेसारी लाल यादव के आने की खबर से यहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग पहुंचे थे, जिससे आयोजन की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गईं. भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसका नतीजा अफरा-तफरी के रूप में सामने आया.
परफॉर्मेंस शुरू होते ही बेकाबू हुई भीड़
बुधवार शाम जैसे ही खेसारी लाल यादव स्टेज पर पहुंचे और गाना शुरू किया, भीड़ अचानक अनियंत्रित हो गई. लोग स्टेज की ओर बढ़ने लगे और देखते ही देखते जूते-चप्पल फेंकने लगे. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोग मंच की तरफ चीजें फेंक रहे हैं, जिससे माहौल पूरी तरह बिगड़ गया. स्थिति बिगड़ते ही मौके पर मौजूद पुलिस ने मोर्चा संभाला. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. लाठीचार्ज के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. कई लोग डर के कारण एक-दूसरे से टकराते और गिरते भी नजर आए. पुलिस लगातार भीड़ को हटाने और हालात सामान्य करने में जुटी रही.
बड़ा हादसा टला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भगदड़ के दौरान कई लोग जमीन पर गिर पड़े और हल्की चोटें आईं. हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जान जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. समय रहते खेसारी लाल यादव को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी. इस पशु मेले में अव्यवस्था का यह पहला मामला नहीं है. दो दिन पहले ही मेले के थिएटर स्टेज पर डांसरों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था. उस घटना के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे, लेकिन इसके बावजूद भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसका नतीजा इस बड़े हंगामे के रूप में सामने आया.