Home > बिहार > Bihar triple murder: बिहार के औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, चाचा ने तीन मासूम भतीजे-भतीजी की गला रेतकर की हत्या

Bihar triple murder: बिहार के औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, चाचा ने तीन मासूम भतीजे-भतीजी की गला रेतकर की हत्या

Bihar triple murder:  बिहार के औरंगाबाद जिले के खुटहन गांव में एक व्यक्ति ने अपने भाई के तीन मासूम बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने खुद पर भी हमला कर लिया और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. हत्या की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

By: Ranjana Sharma | Published: March 27, 2026 4:16:37 PM IST



Bihar triple murder:  बिहार के औरंगाबाद जिला से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. खुटहन गांव में एक व्यक्ति ने अपने ही भाई के तीन मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी की पहचान अमंत पाल के रूप में हुई है, जिसने अपने सगे भाई गुड्डू पाल के बच्चों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और एक-एक कर तीनों की गला रेतकर हत्या कर दी गई. मृतकों में 10 वर्षीय अनीस, 7 वर्षीय आयुष और 5 साल की अनुष्का शामिल हैं. घर के आंगन में बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.

वारदात के बाद खुद पर हमला

इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी अमंत पाल ने उसी हथियार से खुद पर भी हमला कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी.

पुलिस की कार्रवाई और इलाज

हसपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को लहूलुहान हालत में हिरासत में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया है. वहीं, तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया है.

अब तक नहीं खुली हत्या की वजह

इस पूरी घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक सामने नहीं आया है. परिजन और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और किसी स्पष्ट वजह की जानकारी नहीं दे पा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. आरोपी के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिससे इस निर्मम हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके.

Advertisement