0
Irregular periods: महिलाओं का मासिक धर्म चक्र उनके हार्मोनल संतुलन और ओवरऑल हेल्थ का महत्वपूर्ण संकेत होता है. किशोरावस्था से शुरू होकर मेनोपॉज तक यह प्रक्रिया लगातार चलती रहती है, लेकिन जब इसमें अनियमितता आने लगती है, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि बार-बार अनियमित पीरियड्स किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या, खासकर पीसीओएस, का संकेत हो सकते हैं.
कब समझें कि पीरियड्स हो रहे हैं अनियमित?
मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार सामान्य पीरियड साइकल 21 से 35 दिनों के बीच होता है. अगर इससे पहले या बाद में पीरियड्स आ रहे हैं, ब्लीडिंग बहुत ज्यादा या कम हो रही है, पीरियड्स 7 दिन से ज्यादा चल रहे हैं या लगातार 2-3 महीने तक मिस हो रहे हैं, तो यह स्थिति सामान्य नहीं मानी जाती. ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
अनियमित पीरियड्स के पीछे क्या हैं कारण?
पीरियड्स में गड़बड़ी के पीछे कई कारण हो सकते हैं. लाइफस्टाइल से जुड़े फैक्टर्स जैसे तनाव, अचानक वजन बढ़ना या घटना और अत्यधिक व्यायाम हार्मोनल संतुलन को बिगाड़ सकते हैं. इसके अलावा थायरॉइड की समस्या, Endometriosis और Pelvic Inflammatory Disease (PID) जैसी बीमारियां भी मासिक धर्म को प्रभावित करती हैं.
पीसीओएस: अनियमित पीरियड्स का बड़ा कारण
पीसीओएस एक आम लेकिन गंभीर हार्मोनल डिसऑर्डर है. इसमें शरीर में एंड्रोजन यानी पुरुष हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे ओव्यूलेशन प्रभावित होता है और पीरियड्स अनियमित हो जाते हैं. कई मामलों में पीरियड्स लंबे समय तक नहीं आते. पीसीओएस के लक्षण सिर्फ पीरियड्स तक सीमित नहीं होते. इसमें चेहरे और शरीर पर अनचाहे बाल, मुंहासे, तेजी से वजन बढ़ना, बाल झड़ना, त्वचा का काला पड़ना और मूड स्विंग जैसी समस्याएं शामिल हैं. लंबे समय तक इसे नजरअंदाज करने पर बांझपन, डायबिटीज और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं.
कैसे करें बचाव और इलाज
पीसीओएस का पूरी तरह इलाज संभव नहीं है, लेकिन इसे नियंत्रित किया जा सकता है. इसके लिए लाइफस्टाइल में सुधार सबसे जरूरी है. संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और वजन नियंत्रित रखना मददगार साबित होता है. इसके अलावा डॉक्टर हार्मोन संतुलन के लिए दवाइयां भी देते हैं, जिससे पीरियड्स नियमित हो सकते हैं. अनियमित पीरियड्स को हल्के में लेना सही नहीं है. यह शरीर का एक संकेत है कि अंदर कुछ गड़बड़ है. समय पर पहचान और सही इलाज से न सिर्फ पीसीओएस को नियंत्रित किया जा सकता है, बल्कि भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से भी बचा जा सकता है.