4
Noida Jewar International Airport : उत्तर प्रदेश के विकास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे. यह एयरपोर्ट लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इस एयरपोर्ट को एक आधुनिक मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में डिजाइन किया गया है, जहां सड़क, रेल, मेट्रो और अन्य परिवहन सुविधाओं का seamless कनेक्शन मिलेगा. साथ ही यहां एक अत्याधुनिक कार्गो हब भी बनाया गया है, जिसकी शुरुआती क्षमता 2.5 लाख मीट्रिक टन सालाना है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 18 लाख मीट्रिक टन तक किया जा सकेगा.
यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा
एयरपोर्ट की शुरुआती यात्री क्षमता 12 मिलियन (MPPA) प्रति वर्ष होगी, जिसे आने वाले समय में बढ़ाकर 70 मिलियन तक किया जाएगा. उद्घाटन के बाद पहले चरण में देश के कई बड़े शहरों जैसे मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, कानपुर और लखनऊ के लिए उड़ानें शुरू होंगी. भविष्य में यह संख्या बढ़ाकर 47 शहरों तक की जाएगी.
कब से शुरू होंगी फ्लाइट बुकिंग
यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि अप्रैल के मध्य से कमर्शियल फ्लाइट्स की बुकिंग शुरू होने की संभावना है, जिससे लोगों को जल्द ही इस एयरपोर्ट की सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी. यह एयरपोर्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया गया है और इसे चार चरणों में पूरा किया जाएगा. फिलहाल इसका पहला चरण तैयार हो चुका है.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उद्घाटन समारोह को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. करीब 7,000 पुलिसकर्मी और 300 CCTV कैमरे तैनात किए गए हैं. साथ ही, यमुना एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की आवाजाही को सुबह 7 से 11 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार, यह एयरपोर्ट भविष्य में लाखों रोजगार के अवसर पैदा करेगा और वैश्विक निवेशकों के लिए एक बड़ा गेटवे बनेगा. यह परियोजना न सिर्फ दिल्ली-NCR के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर दबाव कम करेगी, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगी.