Aaj Ka Rashifal 3 April 2026: आज का दिन ग्रहों की विशेष स्थितियों के कारण काफी प्रभावशाली माना जा रहा है. शुक्र मेष राशि में स्थित हैं, जबकि केतु सिंह राशि में और गुरु मिथुन राशि में विराजमान हैं. चंद्रमा का प्रवेश तुला राशि में हो चुका है, जहां वो चित्रा नक्षत्र में स्थित रहेगा, जिसका स्वामी मंगल है. ये ग्रह-नक्षत्र संयोजन व्यक्तित्व में तेजी, बुद्धिमत्ता और परिपक्वता लाता है. ऐसे योग में व्यक्ति भावनात्मक रूप से जल्दी विकसित होते हैं और जीवन के अनुभवों को गहराई से समझते हैं. इसके साथ ही बुध और राहु कुंभ राशि में हैं, जबकि मंगल मीन राशि में प्रवेश कर सूर्य और शनि के संपर्क में आ चुके हैं। यह स्थिति सामान्य रूप से चुनौतीपूर्ण मानी जाती है. आइए जानते हैं कि कैसा है आज सभी राशियों का हाल-
मेष से मीन तक राशिफल
मेष राशि
आज स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें. प्रेम और संतान से जुड़े मामलों में तनाव संभव है. व्यापार में धीमी प्रगति होगी, इसलिए धैर्य बनाए रखें. लाल वस्तु अपने पास रखना लाभकारी रहेगा.
वृषभ राशि
आर्थिक स्थिति में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. भावनाओं पर कंट्रोल रखना जरूरी है. अचानक धन लाभ के योग हैं, लेकिन गलत रास्तों से बचें. बजरंगबली की पूजा शुभ फल देगी.
मिथुन राशि
भावुकता से बचकर फैसले लें. कानूनी मामलों से दूरी बनाए रखें और पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें. कार्यक्षेत्र में विवाद से बचना बेहतर होगा. हनुमान जी की आराधना लाभकारी रहेगी.
कर्क राशि
स्वास्थ्य में सुधार होगा, लेकिन प्रेम संबंधों में तनाव या अपमान का डर बना रह सकता है. व्यापार में सतर्कता जरूरी है, वरना विवाद हो सकता है. लाल वस्तु पास रखना शुभ रहेगा.
सिंह राशि
समय थोड़ा प्रतिकूल है, खासकर स्वास्थ्य और दांपत्य जीवन में. हालांकि आपकी मेहनत आपको संभाल लेगी. व्यापार और प्रेम जीवन सामान्य रहेगा. लाल वस्तु लाभकारी होगी.
कन्या राशि
धन लाभ के संकेत हैं और पारिवारिक स्थिति बेहतर होगी. लेकिन नौकरीपेशा लोगों को सतर्क रहना होगा. वैवाहिक संबंधों में ध्यान दें और स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें. लाल वस्तु का दान करें.
तुला राशि
शत्रुओं पर आपकी पकड़ मजबूत रहेगी. स्वास्थ्य में सुधार होगा और प्रेम व व्यापार में सकारात्मकता दिखेगी. पैरों और पेट से जुड़ी समस्याओं से सावधान रहें. शनिदेव को प्रणाम करें.
वृश्चिक राशि
मानसिक तनाव और खर्च बढ़ सकते हैं. प्रेम संबंधों में विवाद संभव है और बच्चों की सेहत चिंता का कारण बन सकती है. बड़े फैसले फिलहाल टालना बेहतर रहेगा. पीली वस्तु पास रखें.
धनु राशि
आय के नए स्रोत बनेंगे और यात्रा के योग हैं. घर में थोड़ी अशांति रह सकती है. संपत्ति से जुड़े मामलों में सावधानी रखें। सूर्य को जल अर्पित करना लाभकारी रहेगा.
मकर राशि
भाग्य आपका साथ देगा और कानूनी मामलों में सफलता मिल सकती है. व्यापार में लाभ और राजनीतिक क्षेत्र में अवसर मिल सकते हैं. आक्रामकता पर नियंत्रण रखें और अपनों का ख्याल रखें.
कुंभ राशि
परिस्थितियां अनुकूल हैं, लेकिन वाणी और निवेश पर कंट्रोल जरूरी है. प्रेम और संतान पक्ष सामान्य रहेगा. मां काली की पूजा शुभ फल देगी.
मीन राशि
समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण है, इसलिए हर कदम सोच-समझकर उठाएं. स्वास्थ्य पर ध्यान दें। प्रेम, संतान और व्यापार मध्यम रहेंगे. शनिदेव की पूजा और नीली वस्तु का दान लाभकारी रहेगा.