NXT Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार (12 मार्च, 2026) को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित NXT Summit 2026 में हिस्सा लिया. बतौर मुख्य अतिथि उन्होंने इस तीन दिवसीय वैश्विक नेतृत्व मंच पर‘भारत प्रगति रिपोर्ट’ का उद्घाटन किया. इसके बाद मुख्य अतिथि के रूप में अपना संबोधन दिया. अपने भाषण में उन्होंने प्रौद्योगिकी, बेहतर शासन और वैश्विक सहयोग को लेकर भारत के दृष्टिकोण को विस्तार से बताया.
LPG को लेकर अफवाहों पर बोले PM मोदी
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन दिनों LPG गैस सिलेंडर को लेकर काफी चर्चा हो रही है. कुछ लोग बिना वजह घबराहट फैला रहे हैं. उन्होंने कहा कि वो इस समय कोई राजनीतिक बयान नहीं देना चाहते, लेकिन जो लोग डर और भ्रम फैला रहे हैं, वे न केवल जनता के सामने अपने इरादे दिखा रहे हैं, बल्कि देश को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं.
भारत कठिन चुनौती से निपटने के लिए प्रतिबंध
उन्होंने कहा कि ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध के कारण पैदा हुए मौजूदा वैश्विक संकट से कोई भी देश अछूता नहीं है. भारत इस चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर संभव प्रयास भी कर रहा है. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने पिछले कुछ दिनों में कई देशों के नेताओं से बात की है और सप्लाई चेन में आने वाली रुकावटों को दूर करने की कोशिश जारी है.
भारत अब सिर्फ सपने नहीं देख रहा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का भारत सिर्फ सपने नहीं देख रहा, बल्कि उन्हें सच भी कर रहा है. उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया कह रही है कि भारत केवल आगे नहीं बढ़ रहा, बल्कि अगली ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है.
युद्ध से पैदा हुआ वैश्विक ऊर्जा संकट
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया की परिस्थितियां कभी भी अचानक बदल सकती हैं. पिछले कुछ सालों में दुनिया ने COVID-19 महामारी, Russia–Ukraine War और अब आसपास बढ़ते बड़े संघर्षों को देखा है. इन घटनाओं ने दुनिया को गंभीर ऊर्जा संकट में धकेल दिया है.
उन्होंने कहा कि ऐसे मुश्किल समय में हर देश की प्रतिक्रिया बहुत जरूरी होती है. कठिन समय किसी भी राष्ट्र के लिए परीक्षा की घड़ी होते हैं और इन परिस्थितियों का सामना धैर्य और शांति के साथ करना चाहिए.
UPI ने डिजिटल पेमेंट को नए लेवल पर पहुंचाया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में भारत ने ICC Men’s T20 World Cup जीता है. उन्होंने कहा कि आज का भारत सिर्फ आगे नहीं बढ़ रहा, बल्कि खुद को अगले लेवल पर ले जा रहा है. देश में नई पीढ़ी का फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर बन रहा है और डिजिटल क्षेत्र में भी तेजी से बदलाव हो रहा है. उन्होंने कहा कि यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने डिजिटल पेमेंट को एक नए स्टेप में पहुंचा दिया है. साथ ही भारत नई पीढ़ी के सुधार भी कर रहा है.
दुनिया को भारत से बड़ी उम्मीदें
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया में कई संकट हैं, लेकिन इसके बावजूद दुनिया के बड़े नेता और विशेषज्ञ भारत से काफी उम्मीदें लगाए हुए हैं. उन्होंने बताया कि हाल ही में अलेक्जेंडर स्टब भारत आए थे. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दुनिया की दिशा ‘ग्लोबल साउथ’ तय करेगा और इस दिशा को तय करने में भारत सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरेगा.
12 से 14 मार्च तक चलेगा समिट
ये समिट 12 मार्च से शुरू हुआ और 14 मार्च तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा. ये कार्यक्रम ITV नेटवर्क की NXT पहल के तहत The Sunday Guardian Foundation और NewsX के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है. इस मंच पर दुनिया भर के राजनेता, राजनयिक, वैज्ञानिक और व्यवसायिक अधिकारी एक साथ आते हैं और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की जाती है.

