LPG Cylinder Price Increases: नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही आम जनता और व्यापारियों को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है. तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जिससे खासकर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय पर सीधा असर पड़ने की संभावना है. इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी को मेन कारण माना जा रहा है.
कमर्शियल एलपीजी (19 किलोग्राम) सिलेंडर के दामों में करीब 195 रुपये से ज्यादा की वृद्धि की गई है. ये बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब पहले से ही महंगाई लोगों की जेब पर दबाव बनाए हुए है. पिछले महीने भी कीमतों में इजाफा हुआ था, जिससे कुल मिलाकर कम समय में गैस काफी महंगी हो चुकी है.
वैश्विक कारणों का असर
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अस्थिरता के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. इसी का असर भारत जैसे देशों पर भी पड़ा है, जहां तेल कंपनियों को कीमतें बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा.
दिल्ली में नई कीमतें
ताजा आंकड़ों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अब 2,078 रुपये से ज्यादा हो गई है. लगातार हो रही बढ़ोतरी से व्यापारिक गतिविधियों की लागत में बड़ा इजाफा देखा जा रहा है.
खाने-पीने की चीजों पर भी पड़ेगा असर
कमर्शियल गैस महंगी होने का सीधा असर रेस्टोरेंट, ढाबा और कैटरिंग सेवाओं पर पड़ेगा. ऐसे में आने वाले दिनों में बाहर खाना और अन्य खाद्य पदार्थ भी महंगे हो सकते हैं. हालांकि, राहत की बात ये है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलो) की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.

