Rupali ganguly to PM Modi: जयपुर में एक फोटोशूट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया, जिसमें रूसी ट्रैवलिंग आर्ट फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा शामिल थीं. इस फोटोशूट में हाथी का इस्तेमाल किया गया था, जिस पर सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई. कई यूजर्स ने इसे जानवरों के प्रति क्रूरता बताते हुए फोटोग्राफर और मॉडल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मामला तब और गंभीर हो गया जब खबर आई कि उसी हाथी ‘चंचल’ (65 वर्ष) की पिछले महीने मौत हो गई.
इस घटना के बाद टीवी एक्ट्रेस रुपाली गांगुली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भारत में हाथियों की सवारी पर प्रतिबंध लगाने की मांग की. उन्होंने अपने पत्र में वन्यजीवों के प्रति सम्मान का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने देश और विदेश में लोगों को भावनात्मक रूप से प्रभावित किया है.
पीएम मोदी से क्या अपील की गई?
रुपाली गांगुली ने अपने पत्र में याद दिलाया कि विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर जोर दिया था. उसी भावना के अनुरूप उन्होंने भारत में भी इंडोनेशिया की तरह हाथी की सवारी पर प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया.
इसके अलावा, उन्होंने पारंपरिक सवारी के ऑप्शन के रूप में रोबोटिक हाथियों, सजाए गए इलेक्ट्रिक वाहनों और अन्य पशु-मुक्त विकल्पों को अपनाने की बात कही, ताकि राष्ट्रीय धरोहर माने जाने वाले जानवरों को क्रूरता से बचाया जा सके.
फोटोग्राफर की सफाई
विवाद बढ़ने पर जूलिया बुरुलेवा ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि हाथी की मौत को फोटोशूट से जोड़ना गलत है. उनके मुताबिक, चंचल की मौत उम्र अधिक होने के कारण हुई और फोटोशूट कई महीनों पहले किया गया था, जिसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है.
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है. कई यूजर्स ने रुपाली गांगुली की मांग का सपोर्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग किया और देश में सभी जानवरों की सवारी पर प्रतिबंध लगाने की बात कही.
कुछ यूजर्स ने यह भी लिखा कि जानवर मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि इंसानों को उनके साथ सह-अस्तित्व में रहना सीखना चाहिए.

