Delhi NCR Earthquake: शुक्रवार रात दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. नोएडा से लेकर जम्मू-कश्मीर तक धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई. झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए. चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर भारत के अन्य इलाकों में भी इसका असर देखा गया.
5.9 तीव्रता का भूकंप, अफगानिस्तान रहा केंद्र
भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई है. इसका केंद्र अफगानिस्तान में बताया जा रहा है और यह धरती से लगभग 175 किलोमीटर की गहराई में आया. फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जानमाल के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है, जिससे राहत की स्थिति बनी हुई है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
भूकंप के झटकों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. लोगों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पंखों, लाइटों और घर के सामान के हिलने के दृश्य पोस्ट किए हैं. जम्मू-कश्मीर के कठुआ, कटरा, रामबन, डोडा और अखनूर जैसे इलाकों में झटके ज्यादा महसूस किए गए.
ऊंची इमारतों में ज्यादा महसूस हुआ असर
दिल्ली-एनसीआर की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने झटकों को ज्यादा तीव्रता से महसूस किया. कुछ सेकंड तक चले इन झटकों ने लोगों को घबराने पर मजबूर कर दिया. कई लोग पार्कों और खुले मैदानों में इकट्ठा हो गए, ताकि सुरक्षित रह सकें.
रोहिणी कोर्ट का बड़ा फैसला, गैंगस्टर काला जठेड़ी को नहीं मिली जमानत; जानें क्या है मामला?