Dentist Infection Leads to Amputation: डेवन वैंटरपूल नाम के व्यक्ति के साथ एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक सामान्य डेंटल चेकअप के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई. उन्हें दांतों के दर्द और मसूड़ों की सूजन की शिकायत थी. जांच में मसूड़ों से खून बहना और गंभीर सूजन सामने आई. लेकिन डेंटिस्ट के पास से लौटने के कुछ ही घंटों में उनकी तबीयत तेजी से खराब होने लगी, जिससे मामला गंभीर हो गया.
फ्लू जैसे लक्षण और अस्पताल में भर्ती
डेवन की पार्टनर एलिसिया वाइल्डर के अनुसार, शुरुआत में उन्हें फ्लू जैसे लक्षण दिखे—कंपकंपी, ठंड लगना, उल्टी और दस्त. हालत में सुधार न होने पर दो दिन बाद उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. इस दौरान उनकी तबीयत लगातार गिरती रही, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई.
सेप्टिक शॉक और अंगों ने छोड़ा साथ
अस्पताल में जांच के बाद पता चला कि डेवन सेप्टिक शॉक में चले गए हैं, जो एक जानलेवा स्थिति होती है. इस हालत में उनके महत्वपूर्ण अंग काम करना बंद करने लगे. डॉक्टरों को उनकी जान बचाने के लिए कठोर फैसला लेना पड़ा और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उनके दोनों हाथ और दोनों पैरों के हिस्से काटने पड़े.
बैक्टीरिया का खून में फैलना बना कारण
डॉक्टरों के अनुसार, डेवन के मसूड़ों में सूजन और खून बहने के कारण बैक्टीरिया को शरीर में प्रवेश करने का मौका मिला. यही बैक्टीरिया खून में पहुंचकर गंभीर संक्रमण का कारण बना. आमतौर पर मुंह में मौजूद बैक्टीरिया नुकसान नहीं करते, लेकिन खुले जख्म या मसूड़ों के जरिए वे शरीर में फैलकर खतरनाक स्थिति पैदा कर सकते हैं.
दुर्लभ जटिलता और लाइफ सपोर्ट
डेवन की हालत तब और बिगड़ गई जब उन्हें पर्पुरा फुलमिनन्स नामक दुर्लभ जटिलता हो गई. इससे उनकी त्वचा और टिश्यू मरने लगे. उन्हें वेंटिलेटर और लाइफ सपोर्ट मशीन पर रखा गया, जहां उनका दिल दो बार रुक चुका था. डॉक्टरों ने कृत्रिम हृदय और फेफड़ों की मदद से उन्हें जीवित रखने की कोशिश की.
आगे की चुनौती
डेवन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह काम करने में असमर्थ हैं. उनकी पार्टनर एलिसिया अपनी बेटियों की देखभाल के साथ-साथ मेडिकल खर्च के लिए फंड जुटा रही हैं. यह घटना दिखाती है कि एक सामान्य दिखने वाली स्वास्थ्य समस्या भी गंभीर रूप ले सकती है. समय पर इलाज और सावधानी बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे खतरों से बचा जा सके.
Indian Bridal Look: अमेरिकी महिला का भारतीय दुल्हन लुक वायरल, सोशल मीडिया पर यूजर्स ने की तारीफ