Kal Ka Mausam 18 Fabuary 2026: ठंड की विदाई के बीच दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. सुबह और शाम को हल्का कोहरा छा रहा है तो ठंड भी परेशान कर रही है, वहीं दोपहर में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है. अगर यही हाल रहा तो फरवरी के तीसरे और अंतिम सप्ताह में ठंड की विदाई तेजी होगी. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) ने अगले 12 से 24 घंटे का दौरान पूरे भारत में मौसम में बदलाव का संकेत दिया है. अगले 24 घंटे के दौरान 10 से अधिक राज्यों में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश होने का अलर्ट जारी है. वहीं, मौसम की निजी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वैदर के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा गिलकित, बालिस्टान और मुजफ्फराबाद में अगले 24 घंटे (18 और 19 फरवरी, 2026) के दौरान कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है. इसके अलावा बुधवार (18 फरवरी, 2026) को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी है, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है.
J&K-हिमाचल और उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के चलते बुधवार (18 फरवरी, 2026) को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी संभव है. इसके चलते ठंड में हल्का इजाफा होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला, ऊना और हमीरपुर के अलावा मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में बुधवार (18 फरवरी, 2026) को बारिश की संभावना IMD की ओर से जताई गई है. हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 18 व 19 फरवरी को बर्फबारी हो सकती है. वहीं, जम्मू और कश्मीर में 18 और 19 फरवरी को बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इससे ठंड में इजाफा होगा.
दिल्ली-NCR में चलेगी आंधी, निकलेगी तेज धूप
पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं के बराबर है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 और 19 फरवरी, 2026 को दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलेग. इस दौरान यानी 18 और 19 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने की भी उम्मीद है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में मौसम कैसा रहेगा?
राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे सकता है. 18 फरवरी, 2026 को राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में हल्की बारिश हो सकती है. इन इलाकों में इस दौरान आंधी चलने की भी संभावना है. वहीं, मध्य प्रदेश के सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद में 18 फरवरी के साथ-साथ 19 फरवरी को भी बारिश के आसार बन रहे हैं.
यूपी-बिहार में क्या होगी बारिश?
बिहार में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है. अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने कहा कि नेपाल से सटे तराई वाले इलाकों में सुबह व शाम हल्की ठंड बनी रहेगी. वहीं, यूपी में दिन के दौरान गर्मी और सुबह-रात में ही हल्की ठंड पड़ रही है.मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 2 दिन यानी 18 और 19 फरवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया है. 18 फरवरी को मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.