Alzheimer Landes Village France: दक्षिण-पश्चिम फ्रांस के लांडैस गांव की कहानी किसी फिल्मी कल्पना जैसी लगती है, लेकिन यह पूरी तरह वास्तविक है. यहां रहने वाले लोग अपने नाम, पहचान और यहां तक कि घर का रास्ता भी भूल चुके हैं, फिर भी उनके चेहरों पर एक अजीब सा सुकून नजर आता है. यह गांव उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो डिमेंशिया और अल्जाइमर जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं.
उम्मीद की किरण बना वैज्ञानिक प्रयोग
लांडैस गांव सिर्फ एक रिहायशी जगह नहीं, बल्कि एक अनोखा मेडिकल प्रयोग है. बोर्डो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने इसे इस उद्देश्य से विकसित किया कि डिमेंशिया मरीजों को तनावमुक्त माहौल दिया जा सके. आमतौर पर इन मरीजों के लिए सबसे बड़ा दबाव चीजों को याद रखने का होता है, और यही दबाव उनकी हालत को और बिगाड़ देता है. इस गांव में उसी दबाव को पूरी तरह खत्म करने की कोशिश की गई है.
बिना पैसे की दुकान, बिना चिंता का जीवन
इस गांव की सबसे खास बात इसकी अनोखी व्यवस्था है. यहां एक सामान्य दुकान है, जहां हर जरूरी सामान मिलता है, लेकिन कोई कैश काउंटर नहीं है. लोग अपनी जरूरत का सामान उठाते हैं और बिना पैसे दिए चले जाते हैं. पैसे या हिसाब-किताब की कोई व्यवस्था नहीं रखी गई, ताकि मरीजों को बटुआ संभालने या पैसे याद रखने का तनाव न हो. यह छोटी-सी व्यवस्था उनके मानसिक बोझ को काफी हद तक कम करती है.
आजादी और सुरक्षा का संतुलन
लांडैस गांव में जीवन को पूरी तरह सामान्य रखने की कोशिश की गई है. यहां रेस्तरां, थिएटर और पार्क जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, जहां 40 साल से लेकर 100 साल से अधिक उम्र के लोग साथ रहते हैं. मरीजों को पूरी आजादी दी जाती है कि वे जहां चाहें जाएं और जो चाहें करें. हालांकि, उनकी सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी सादे कपड़ों में हर समय मौजूद रहते हैं, जो दूर से उन पर नजर रखते हैं, ताकि उन्हें किसी तरह का खतरा न हो.
चौंकाने वाले सकारात्मक परिणाम
इस प्रयोग के नतीजे काफी उत्साहजनक रहे हैं. पारंपरिक अस्पतालों की तुलना में यहां रहने वाले मरीजों में आक्रामकता और अवसाद में कमी देखी गई है. डिमेंशिया से जूझ रहे लोगों को जब याद रखने का दबाव नहीं रहता, तो वे अधिक शांत और खुश रहते हैं. उनके परिवार भी इस बदलाव से संतुष्ट हैं, क्योंकि उनके प्रियजन एक ऐसे माहौल में रह रहे हैं, जहां उन्हें उनकी बीमारी के लिए जज नहीं किया जाता.
जीवन के लिए बड़ा संदेश
लांडैस गांव हमें एक गहरा जीवन दर्शन सिखाता है. आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर भविष्य की चिंता और अतीत के बोझ में उलझे रहते हैं. लेकिन यह गांव दिखाता है कि सच्ची खुशी के लिए न तो बहुत सारी यादों की जरूरत है और न ही धन-दौलत की. एक शांत, सुरक्षित और अपनापन भरा वातावरण ही जीवन को खुशहाल बना सकता है. यह गांव न केवल चिकित्सा विज्ञान के लिए, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणा है.
गोवा से छोटा लेकिन कमाई के मामले में ये देश मचा रहा तहलका, हर इंसान की आमदनी कर देती दंग

