Iftar Party In Ganga River: धर्म नगरी कही जाने वाली वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर आयोजित इफ्तार पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया. यह घटना पंचगंगा घाट के पास थाना कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम की बताई जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 14 मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार कर लिया.
क्या हैं आरोप?
शिकायत के अनुसार, नाव पर इफ्तार के दौरान नॉनवेज भोजन, खासकर बिरयानी परोसी गई थी. आरोप यह भी है कि भोजन के बाद उसकी हड्डियां गंगा नदी में फेंकी गईं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं. वायरल वीडियो में कुछ युवक नाव पर पार्टी करते और नॉनवेज का सेवन करते नजर आ रहे हैं. इसे कुछ लोगों ने गंगा की पवित्रता के खिलाफ और हिंदू आस्था का अपमान बताया है.
पुलिस ने की कार्रवाई
इस मामले की शिकायत भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल द्वारा दर्ज कराई गई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. सभी 14 युवकों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी निष्पक्षता से की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब शहर में रामनवमी और अन्य धार्मिक आयोजन चल रहे हैं, जिससे माहौल पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है. ऐसे में इस तरह की घटना ने स्थानीय स्तर पर चर्चा और तनाव को बढ़ा दिया है.
बीजेपी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
बीजेपी युवा मोर्चा के नेताओं ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गंगा जैसी पवित्र नदी में इस प्रकार की गतिविधियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं. उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. यह मामला धार्मिक संवेदनशीलता और सार्वजनिक आचरण से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बड़ी बहस का कारण बन गया है.
UP Egg Expiry Date Rule 2026: उत्तर प्रदेश में अब ‘अंडा’ खुद बताएगा ‘खाने योग्य हूं या नहीं’

