Chandra Grahan 2026: भारत में कितने बजे दिखेगा चंद्र ग्रहण, जानें सही समय…!
Chandra Grahan 2026: चंद्र ग्रहण 2026 साल का पहला चंद्र ग्रहण भारत में आज दिखाई देने वाला है, जिससे इसका धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व काफी बढ़ गया है. ये ग्रहण दोपहर 03:20 बजे से शुरू होकर शाम 06:46 बजे तक रहेगा. कुल 03 घंटे 26 मिनट की अवधि वाले इस ग्रहण का प्रभाव देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग समय पर दिखाई देगा. सूतक काल सुबह से ही प्रभावी है और श्रद्धालु विशेष नियमों का पालन कर रहे हैं.
ग्रहण का प्रारंभ और समाप्ति समय
चंद्र ग्रहण आज दोपहर 03:20 बजे आरंभ होगा और शाम 06:46 बजे समाप्त होगा. इसकी कुल अवधि 03 घंटे 26 मिनट रहेगी।.हालांकि भारत में यह पूरा समय दिखाई नहीं देगा, लेकिन खगोलीय दृष्टि से ये महत्वपूर्ण अवधि मानी जा रही है.
सूतक काल के नियम और प्रभाव
सूतक काल सुबह 06:20 बजे से लग चुका है. इस दौरान पूजा-पाठ, शुभ कार्य, मूर्ति स्पर्श और भोजन बनाना या खाना वर्जित माना जाता है. गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.
मंदिरों और धार्मिक स्थलों की स्थिति
सूतक लगते ही देशभर के मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए हैं. नियमित आरती और दर्शन स्थगित कर दिए गए हैं. ग्रहण समाप्ति के बाद शुद्धिकरण के पश्चात ही मंदिर दोबारा खोले जाएंगे.
ग्रस्तोदित चंद्र ग्रहण का विशेष महत्व
भारत में ये चंद्र ग्रहण ग्रस्तोदित रूप में दिखाई देगा. यानी जब चंद्रमा का उदय होगा, तब वो पहले से ही ग्रहणग्रस्त अवस्था में रहेगा. ये स्थिति धार्मिक दृष्टि से विशेष मानी जाती है.
भारत में दृश्य प्रभाव की अवधि
पूर्ण चंद्र ग्रहण शाम 4:34 बजे से 5:33 बजे तक रहेगा, लेकिन भारत में इसका प्रभाव लगभग 20 से 25 मिनट तक ही स्पष्ट रूप से दिखाई देगा. चंद्रोदय के बाद विभिन्न शहरों में अलग-अलग समय पर ग्रहण नजर आएगा.
प्रमुख शहरों में दिखने का समय
दिल्ली-एनसीआर में 06:26 बजे, प्रयागराज में 06:08 बजे, वाराणसी में 06:04 बजे, पटना में 05:55 बजे, कोलकाता में 05:43 बजे, चेन्नई में 06:21 बजे और बेंगलुरु में 06:32 बजे ग्रहण दिखाई देगा. सभी स्थानों पर 06:46 बजे ग्रहण समाप्त हो जाएगा.
ग्रहण के बाद क्या करें
ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान करना शुभ माना जाता है. घर में गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण करें. इसके बाद ताजा भोजन बनाएं और भगवान की पूजा-अर्चना कर सामान्य दिनचर्या शुरू करें.