Good Friday History: गुड फ्राइडे ईसाई धर्म का एक बहुत बड़ा दिन है, जिसे पूरे विश्व में श्रद्धा और शांति के साथ मनाया जाता है. साल 2026 में ये 3 अप्रैल यानी आज पड़ रहा है. ये दिन प्रभु यीशु मसीह के बलिदान की याद दिलाता है. इस मौके पर लोग प्रार्थना करते हैं, उपवास रखते हैं और अपने जीवन पर विचार करते हैं. इसकी तारीख हर साल बदलती रहती है, क्योंकि ये ईस्टर से जुड़ी होती है.
गुड फ्राइडे ईस्टर से पहले आने वाले शुक्रवार को मनाया जाता है. ये दिन यीशु मसीह की शहादत को समर्पित है. ईसाई मान्यता के अनुसार, यीशु मसीह को भगवान का पुत्र माना जाता है और उन्होंने मानवता के लिए अपने प्राण त्याग दिए. इस दिन लोग चर्च में जाकर प्रार्थना करते हैं और शांति से समय बिताते हैं.
गुड फ्राइडे का इतिहास
गुड फ्राइडे का इतिहास लगभग पहली सदी से जुड़ा हुआ है, जब ये घटना रोमन शासन के समय हुई थी. धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, यीशु मसीह को गिरफ्तार किया गया, उन पर मुकदमा चला और रोमन शासक पोंटियस पिलातुस ने उन्हें मृत्यु की सजा दी. उन्हें गोलगोथा नामक स्थान पर सूली पर चढ़ाया गया. उस समय से ही ये दिन दुख और त्याग के रूप में याद किया जाता है. शुरुआती ईसाई इस दिन को बहुत ही गंभीरता और उपवास के साथ मनाते थे और ये परंपरा आज भी जारी है.
गुड फ्राइडे का महत्व
गुड फ्राइडे का महत्व बहुत गहरा है. ये दिन प्रेम, त्याग और क्षमा का संदेश देता है. ईसाई धर्म में माना जाता है कि यीशु मसीह ने लोगों के पापों के लिए अपने प्राण त्याग दिए. इसलिए ये दिन आत्मचिंतन और भक्ति का होता है. लोग इस दिन अपने व्यवहार और जीवन के बारे में सोचते हैं और अच्छे कार्य करने का संकल्प लेते हैं.
‘गुड’ फ्राइडे क्यों कहा जाता है?
‘गुड’ शब्द का मतलब यहां ‘पवित्र’ या ‘पावन’ माना जाता है. भले ही ये दिन दुखद घटना से जुड़ा है, लेकिन इसे अच्छा इसलिए कहा जाता है क्योंकि यीशु मसीह के बलिदान से मानवता को आशा और मुक्ति का संदेश मिला.
कौन मनाता है गुड फ्राइडे?
गुड फ्राइडे मेन रूप से ईसाई समुदाय के लोग मनाते हैं. इसमें कैथोलिक, प्रोटेस्टेंट, ऑर्थोडॉक्स और एंग्लिकन जैसे अलग-अलग समूह शामिल हैं. ये दिन भारत सहित अमेरिका, ब्रिटेन, फिलीपींस, ऑस्ट्रेलिया और कई यूरोपीय देशों में भी मनाया जाता है.
हर साल तारीख क्यों बदलती है?
गुड फ्राइडे की तारीख हर साल इसलिए बदलती है क्योंकि ये ईस्टर पर निर्भर करती है. ईस्टर की तारीख चंद्र कैलेंडर के अनुसार तय होती है. वसंत ऋतु में पहली पूर्णिमा के बाद आने वाले पहले रविवार को ईस्टर मनाया जाता है और उससे पहले वाले शुक्रवार को गुड फ्राइडे होता है. इसलिए इसकी तारीख हर साल अलग होती है.

