Ramayan teaser: निर्देशक नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म रामायण का टीज़र रिलीज़ होते ही इस महाकाव्य पर बनी पुरानी फिल्मों और टीवी रूपांतरणों को लेकर फिर चर्चा तेज हो गई है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म ने दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है. इसी कड़ी में तेलुगु सिनेमा के दिग्गज एनटी रामाराव (NTR) और उनके पोते जूनियर एनटीआर की खास उपलब्धियां फिर चर्चा में आ गई हैं.
एकमात्र अभिनेता जिन्होंने निभाए राम और रावण दोनों
तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के महानायक एनटी रामाराव सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि निर्देशक, निर्माता, लेखक और संपादक भी थे. उन्होंने पौराणिक किरदारों को जीवंत करने में खास पहचान बनाई. एनटीआर ने अपने लंबे करियर में भगवान राम और रावण-दोनों किरदार कुल पांच बार निभाए, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. खास बात यह रही कि कुछ फिल्मों में उन्होंने दोनों भूमिकाएं एक ही फिल्म में निभाईं. उन्होंने लव कुश (1963), श्री रामन्जनेय युद्धम (1975) और श्री राम पट्टाभिषेकम (1978) जैसी फिल्मों में राम का किरदार निभाया. वहीं भूकैलास (1958) और सीता राम कल्याणम (1961) समेत कई फिल्मों में रावण के रूप में भी नजर आए. इसके अलावा, उन्होंने भगवान कृष्ण का किरदार भी कम से कम 17 बार निभाया और आज भी तेलुगु राज्यों में उनकी छवि कृष्ण के रूप में बेहद लोकप्रिय है.
एक ही फिल्म में कई किरदार निभाने का अनोखा रिकॉर्ड
एनटीआर की खासियत यह थी कि वे एक ही फिल्म में कई पौराणिक पात्र निभाने का दम रखते थे. श्री कृष्ण साहित्य जैसी फिल्म में उन्होंने कृष्ण, राम और रावण-तीनों भूमिकाएं निभाईं, जो भारतीय सिनेमा में बेहद दुर्लभ उदाहरण है.
बचपन में ही बने भगवान राम
अपने दादा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए जूनियर एनटीआर ने भी कम उम्र में ही पौराणिक फिल्मों में पहचान बना ली थी. उन्होंने 1991 की फिल्म ब्रह्मर्षि विश्वामित्र में बतौर बाल कलाकार भरत का किरदार निभाया था. इसके बाद 1997 में निर्देशक गुणशेखर की फिल्म रामायणम (बाला रामायण) में उन्होंने मात्र 14 साल की उम्र में भगवान राम की भूमिका निभाई. इस फिल्म की खास बात यह थी कि इसमें 3000 से ज्यादा बाल कलाकार थे और कोई भी वयस्क कलाकार नहीं था. फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म) और दो नंदी पुरस्कार मिले. इस फिल्म में जूनियर एनटीआर के साथ स्मिता माधव (सीता), नारायणम निखिल (लक्ष्मण) और स्वाति कोडाली (रावण) जैसे बाल कलाकार नजर आए.
फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है रामायण
कई सालों बाद एक बार फिर रामायण को बड़े स्तर पर पर्दे पर उतारा जा रहा है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 में और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाएगा.

