PPF Interest Rule: नया वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से शुरू हो चुका है और अगर आप पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) में निवेश करते हैं या करने की योजना बना रहे हैं, तो शुरुआती कुछ दिन आपके लिए बेहद अहम होते हैं. खासकर अप्रैल के पहले 5 दिन इनमें लिया गया फैसला आपके पूरे साल के ब्याज पर असर डाल सकता है. छोटी-सी देरी भी लंबे समय में बड़ा नुकसान बना सकती है.
PPF में ब्याज की गणना सामान्य निवेशों से अलग तरीके से होती है. यहां हर महीने की 5 तारीख से लेकर महीने के आखिरी दिन तक खाते में मौजूद सबसे कम बैलेंस के आधार पर ब्याज तय किया जाता है. इसलिए यदि आप चाहते हैं कि अप्रैल महीने का पूरा ब्याज मिले, तो आपको 5 अप्रैल से पहले पैसा जमा करना जरूरी होता है.
समय पर निवेश के फायदे और देरी के नुकसान
अगर आप 1 से 5 अप्रैल के बीच निवेश करते हैं, तो आपको पूरे अप्रैल महीने का ब्याज मिलता है. इसका मतलब है कि साल के सभी 12 महीनों के लिए आपका पैसा काम करेगा.
लेकिन यदि आप 6 अप्रैल या उसके बाद पैसा जमा करते हैं, तो अप्रैल का ब्याज नहीं मिलेगा. ऐसे में आपकी कमाई की गणना मई से शुरू होगी, जिससे एक महीने का ब्याज सीधा कम हो जाता है.
एक उदाहरण से समझें पूरा गणित
मान लीजिए आप सालाना ₹1.5 लाख PPF में निवेश करते हैं और मौजूदा ब्याज दर 7.1% है. तो अगर आप 5 अप्रैल तक निवेश कर देते हैं, तो आपको पूरे साल का ब्याज मिलेगा, जो लगभग ₹10,650 के आसपास होगा. वहीं, 6 अप्रैल के बाद निवेश करने पर सिर्फ 11 महीने का ब्याज मिलेगा, जो करीब ₹9,763 तक सीमित रह सकता है.
यानी सिर्फ एक दिन की देरी से लगभग ₹800–₹900 का नुकसान हो सकता है. अब सोचिए, 15 साल की अवधि में यह अंतर कितना बड़ा हो सकता है.
पीपीएफ को सुरक्षित क्यों माना जाता है?
PPF निवेशकों के बीच इसलिए भी लोकप्रिय है क्योंकि इसमें कई फायदे मिलते हैं. इसमें निवेश करने पर आयकर में छूट मिलती है और जो ब्याज मिलता है वह पूरी तरह टैक्स-फ्री होता है. इसके अलावा, ये एक सरकारी योजना है, इसलिए आपका पैसा पूरी तरह सेफ रहता है. लंबी अवधि में स्थिर और सुरक्षित रिटर्न के लिए इसे एक मजबूत ऑप्शन माना जाता है.
अभी क्या कदम उठाना सही रहेगा?
अगर आपने पहले से PPF खाता खोल रखा है और निवेश के लिए पैसा तैयार है, तो बिना देरी किए 5 अप्रैल से पहले राशि जमा कर दें. इससे आप पूरे साल का ब्याज हासिल कर पाएंगे.
अगर आपका खाता अभी तक नहीं खुला है, तो नजदीकी बैंक या पोस्ट ऑफिस जाकर इसे जल्द शुरू करना फायदेमंद रहेगा, ताकि इस वित्तीय वर्ष का पूरा लाभ लिया जा सके.

