Holi Special 2026: इस बार बनाएं टेस्टी कांजी वड़ा, यहां देखे रेसिपी
Kanji Vada Recipe: इस साल होली 4 मार्च को मनाई जाएगी और 2 मार्च की शाम होलिका दहन होगा. रंगों और मिठाइयों के इस त्योहार पर घरों में तरह-तरह के पकवान बनते हैं, लेकिन ज्यादा मसालेदार और मेवे वाले व्यंजन कई बार अपच, गैस और पेट संबंधी समस्याएं पैदा कर देते हैं. ऐसे में इस होली आप कुछ ऐसा बनाएं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हाजमे के लिए भी फायदेमंद हो. इसी लिहाज से कांजी वड़ा एक बेहतरीन विकल्प है. यह पारंपरिक व्यंजन चटपटा, हल्का और पाचन के लिए लाभकारी माना जाता है.
क्या होता है कांजी वड़ा?
कांजी वड़ा खास तौर पर खट्टी-तीखी कांजी और मुलायम मूंग दाल के वड़ों से तैयार किया जाता है. कांजी एक तरह का फर्मेंटेड (खमीर उठाया हुआ) पेय होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है.
इसमें इस्तेमाल होने वाले मसाले
इसमें इस्तेमाल होने वाली राई (सरसों), हल्दी और हींग जैसे मसाले न केवल स्वाद बढ़ाते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी लाभकारी होते हैं.
कैसे बनाएं कांजी वड़ा?
कांजी बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ कांच का बर्तन धूप में सुखा लें. उसमें बारीक पिसी राई, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, हींग, नमक और थोड़ा सा सरसों का तेल डालें.
इतने समय में तैयार हो जाएगी
फिर इसमें लगभग 2 लीटर पानी मिलाकर सभी मसालों को अच्छी तरह 5 मिनट तक घोलें. बर्तन को ढक्कन से बंद कर गर्म जगह पर रख दें. रोजाना एक बार चमचे से चलाते रहें. 3 से 4 दिनों में कांजी खट्टी और तैयार हो जाएगी.
इन बातों का रखें ध्यान
वड़े बनाने के लिए मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर कम से कम 4 घंटे तक भिगो दें. भीगने के बाद अतिरिक्त पानी निकालकर दाल को मिक्सर में दरदरा पीस लें. पिसी हुई दाल में नमक और हींग मिलाकर मिश्रण को लगभग 5 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें, ताकि यह हल्का और फूला हुआ हो जाए.
ऐसे बढ़ाएं स्वाद
इसके बाद कढ़ाई में तेल गरम करें और हाथ से छोटे-छोटे वड़े बनाकर सुनहरा होने तक तल लें. जब सभी वड़े तैयार हो जाएं, तो उन्हें पहले से बनी खट्टी कांजी में डाल दें और कम से कम आधे घंटे के लिए छोड़ दें, ताकि वड़े कांजी का स्वाद अच्छी तरह सोख लें और नरम हो जाएं.
कांजी वड़ा लगाएगा स्वाद का तड़का
जब वड़े फूलकर तैयार हो जाएं, तो उन्हें सर्विंग बाउल में निकालकर मेहमानों को परोसें. होली के अवसर पर कांजी वड़ा न केवल स्वाद का तड़का लगाएगा, बल्कि भारी भोजन के बीच पाचन को भी दुरुस्त रखेगा.
हेल्दी और टेस्टी डिश
इस बार होली पर पारंपरिक मिठाइयों के साथ यह हेल्दी और टेस्टी डिश जरूर ट्राई करें.