Holi Gujhiya Recipe:बिना मावा के बनाएं ये स्वादिस्ट गुझिया,जानें आसान रेसिपी
Holi Gujhiya Recipe: होली या किसी भी त्योहार पर अगर आप पारंपरिक स्वाद में नया ट्विस्ट चाहते हैं, तो बिना मावा की चूरमा गुझिया बेहतरीन विकल्प है. मैदा के कुरकुरे खोल में गेहूं के आटे, बेसन, ड्राई फ्रूट्स और इलायची से बनी खास चूरमा स्टफिंग भरी जाती है. तलने के बाद इसे हल्की केसर वाली चाशनी में डुबोकर परोसा जाता है. यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ लंबे समय तक सुरक्षित भी रहती है.
बिना मावा की खास चूरमा गुझिया
होली या त्योहारों पर कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं? पेश है बिना मावा की चूरमा गुझिया, जिसमें राजस्थानी स्वाद का खास फ्यूजन है. यह रेसिपी स्वादिष्ट भी है और लंबे समय तक चलने वाली भी.
गुझिया के लिए आटा तैयार करें
2 कप मैदा में 3 बड़े चम्मच घी मिलाएं. गुनगुने पानी की मदद से सख्त आटा गूंध लें. आटे को ढककर 30 मिनट के लिए सेट होने दें. इससे गुझिया कुरकुरी बनेगी.
स्टफिंग के लिए खास चूरमा बेस
⅓ कप गेहूं का आटा और ⅓ कप बेसन मिलाएं. इसमें 1 बड़ा चम्मच घी और थोड़ा-थोड़ा दूध डालकर सख्त आटा गूंध लें. लोई बेलकर मोटा पराठा तैयार करें और तवे पर हल्का ब्राउन होने तक सेक लें.
चूरमा तैयार करें
सिका हुआ पराठा ठंडा होने पर टुकड़ों में तोड़ लें और मिक्सर में दरदरा पीस लें. कढ़ाई में थोड़ा घी डालकर इसे मध्यम आंच पर भूनें, जब तक खुशबू और रंग हल्का सुनहरा न हो जाए.
स्टफिंग में डालें ड्राई फ्रूट्स
भुने हुए मिश्रण में ¾ कप पिसी चीनी, ¼ कप नारियल बुरादा, ¼ कप काजू, ¼ कप बादाम फ्लेक्स और 1 चम्मच इलायची पाउडर मिलाएं. अच्छी तरह मिक्स करें. आपकी स्वादिष्ट स्टफिंग तैयार है.
चाशनी बनाएं
2 कप चीनी और 1.5 कप पानी को उबालें जब तक चीनी घुल न जाए. इसमें 25-30 केसर के धागे डालें और 2-3 मिनट पकाएं. हल्की चाशनी तैयार होने पर गैस बंद कर दें.
गुझिया भरें और आकार दें
मैदे की लोई बेलकर 3 से 3.25 इंच का पूड़ी जैसा आकार दें. बीच में 2-2.5 चम्मच स्टफिंग रखें. किनारों पर हल्का पानी लगाकर मोड़ें और उंगलियों से दबाकर डिजाइन बनाते हुए सील करें. सभी गुझिया इसी तरह तैयार कर लें.
तलें और चाशनी में डुबोएं
कढ़ाई में धीमी आंच पर घी गरम करें. गुझिया को मीडियम-लो फ्लेम पर 15-16 मिनट तक सुनहरा होने तक तलें. तलने के बाद 5 मिनट के लिए चाशनी में डुबो दें. निकालकर सर्व करें.