Aaj Ka Mausam: सर्दी गई नहीं जनाब! पंजाब-UP समेत 7 राज्यों में बारिश, फिर होगा ठंड का कमबैक
Today Weather: अगर आप भी सोच रहे हैं कि ठंड अब जा चुकी है और गर्म कपड़ों को पैक करके रखने का समय आ गया है तो उससे पहले ये खबर जान लें, दरअसल, मौसम विभाग ने एक बार फिर से मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. जानकारी के मुताबिक, फरवरी के दूसरे हफ्ते में ठंड फिर से बढ़ सकती है. एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर भारत में ठंडी हवाएं ला सकता है, जिससे मिनिमम टेम्परेचर में गिरावट आ सकती है. IMD के मुताबिक, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तरी मध्य प्रदेश में रात और सुबह के समय ठंड बढ़ेगी. चलिए जान लेते हैं आज आपके शहर का हाल कैसा रहने वाला है.
बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है.
बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 11 फरवरी से बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है, जो 13 और 16 फरवरी को भी अलग-अलग इलाकों में देखने को मिल सकता है.'
आज का मौसम
कुल मिलाकर, पूरे देश में मौसम फरवरी के आखिर में पड़ने वाले सर्दियों के मौसम जैसा ही रहेगा. ठंडी हवाएं उत्तर भारत में सुबह और शाम की ठंड बढ़ाएंगी, जबकि दिन का तापमान आरामदायक रहेगा.
दिल्ली-NCR
दिल्ली-NCR में तेज़ हवाएं थम गई हैं. दिन का तापमान अब 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. इस बीच, गर्मी की वजह से दिल्ली मेट्रो एयर कंडीशनिंग से चलने लगी है. 16 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा. माना जा रहा है कि दिल्ली-NCR में जल्द ही गर्मी आ जाएगी.
यूपी का मौसम
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लोगों को थोड़ी राहत दी है. ठंड और कोहरे से जूझ रहे राज्य में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में आसमान साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी.
बिहार का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में पश्चिमी हवाओं का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है. इससे न्यूनतम तापमान में सुधार होने की उम्मीद है. बसंत जैसा मौसम आने लगा है. दिन में तेज धूप और हल्की ठंडक बढ़ रही है.
राजस्थान मौसम
राजस्थान में अगले 3-4 दिनों तक मौसम सूखा और साफ़ रहेगा. बाड़मेर और बीकानेर जैसे शहरों में दिन का टेम्परेचर 30 डिग्री से ऊपर पहुँच गया है, जिससे ठंड कम होने का संकेत मिल रहा है. मौसम विभाग ने अगले हफ़्ते किसी भी बड़े बदलाव या बारिश से इनकार किया है.