Rajgarh Wedding Goes Viral: राजगढ़ जिले के नरसिंहाद तहसील में आने वाली ग्राम पंचायत निपानिया गढ़ी के सरपंच रामबाबू ठाकर ने ने अपने बच्चों की शादी को एक यादगार ऐतिहासिक पल बना दिया. सरपंच के पुत्र अनमोल ठाकुर की बारात जब शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा के ग्राम कोड़ी पहुंची, तो नजारा देखने लायक था. इस दौरान दूल्हा किसी घोड़ी या कार में नहीं, बल्कि चमचमाते हेलीकॉप्टर में सवार होकर अपनी दुल्हनिया लेने पहुंचा. हेलीकाप्टर में दूल्हा अनमोल के साथ उसकी बहन शिवानी ठाकुर भी बैठकर पहुंची .
हेलीकॉप्टर से दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा
इस शाही एंट्री के पीछे एक भावुक कहानी भी जुड़ी है. बताया जा रहा है कि दूल्हे के दादा जी का सपना था कि उनका पोता अपनी शादी में कुछ ऐसा करे जो मिसाल बन जाए. दादा की इसी इच्छा को सम्मान देते हुए सरपंच ने हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया. खास बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में दूल्हा अपने दादा जी के साथ बैठकर शाजापुर के ग्राम कोड़ी पहुंचा, जो परिवार के बुजुर्गों के प्रति उनके प्रेम और सम्मान को दर्शाता है.
बारात की शाही एंट्री
जैसे ही गांव कोड़ी के आसमान में हेलीकॉप्टर की गड़गड़ाहट सुनाई दी, पूरे गांव में जश्न का माहौल बन गया. हेलीकॉप्टर को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने के लिए उत्साहित दिखा. सरपंच ने न केवल अपने पुत्र, बल्कि अपनी पुत्री के विवाह को भी इसी भव्यता के साथ संपन्न करने का निर्णय लिया. निपानिया गढ़ी से कोड़ी तक का यह सफर केवल दो परिवारों का मिलन नहीं, बल्कि इलाके में एक बड़े सामाजिक उत्सव के प्रतीक थी.
वीडियो और फोटो हुए वायरल
यह शादी वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में बदलते सामाजिक और आर्थिक स्वरूप की झलक पेश करती है. जहां एक ओर यह भव्यता का प्रतीक है, वहीं दूसरी ओर एक पोते द्वारा अपने दादा की इच्छा पूरी करने की एक मार्मिक मिसाल भी है. वर्तमान में सोशल मीडिया पर इस “उड़न खटोले” वाली बारात के वीडियो और फोटो जमकर वायरल हो रहे हैं.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.
Published by Preeti Rajput
April 20, 2026 04:19:54 PM IST

