Israel Attack Iran Live Updates: मिडिल ईस्ट शनिवार से लेकर अब तक मिसाइलों के हमलों और धमाकों से थर्राया हुआ है. अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर शनिवार को हमला किया गया. इस हमले में 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है. उधर, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया है. मोजतबा खामेनेई लंबे समय से सत्ता के अंदरूनी घेरे में असरदार माने जाते रहे हैं और उन्हें संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था. अमेरिका और इजराइल को जवाब देते हुए ईरान ने भी हमला बोल दिया है. ईरान ने अमेरिका के कई सहयोगी देशों में स्थित मिलिट्री बेस पर हमले किए हैं. ईरान के साथ अब लेबनान का हिजबुल्लाह गुट भी आ गया है. उसने इजराइल के हाइफा शहर पर कई रॉकेट दागे हैं. इसके अलावा साइप्रस में ब्रिटेन के अक्रोतिरि एयरबेस पर ड्रोन हमला होने की भी जानकारी मिल रही है. ईरान के खिलाफ इजराइल और अमेरिकी हमलों के बाद खाड़ी देशों में भी तनाव बढ़ गया है. लगातार हमलों के चलते गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के सदस्य देशों ने आपात बैठक कर ईरान के जवाबी हमलों की निंदा की. यूएई, सऊदी अरब, कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान ने कहा कि ईरान द्वारा नागरिक इलाकों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है. बैठक में यह भी तय हुआ है कि जरूरत पड़ने पर सुरक्षा के लिए कड़ा कदम उठाया जाएगा. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव और युद्ध लंबा चला तो दुनिया भर में महंगाई बढ़ सकती है. इसके सबसे ज्यादा असर तेल सप्लाई पर पड़ना तय है या कहें पड़ना शुरू हो गया है. इस युद्ध का असर अब वैश्विक बाजार पर भी हल्का-हल्का दिखने लगा है. ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेज उछाल आया. फिलहाल कच्चा तेल 80 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है. दाम लगातार बढ़े तो वैश्विक स्तर पर महंगाई बढ़ेगी. इससे भारत समेत एशियाई देश भी प्रभावित होंगे.
Israel Attack Iran Live Updates: विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मिडिल ईस्ट में संघर्ष लंबा चला तो दुनिया भर में महंगाई बढ़ सकती है और तेल सप्लाई पर बड़ा असर पड़ सकता है. लगातार बढ़ते हमलों, धमकियों और जवाबी कार्रवाई के बीच मिडिल ईस्ट में हालात बेहद खतरनाक बने हुए हैं.
Israel Attack Iran Live Updates: अमेरिकी सेना ने माना है कि ईरान पर हमले के लिए चलाए गए ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान 3 अमेरिकी सैनिक मारे गए. इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस युद्ध में और सैनिकों की मौत हो सकती है. उन्होंने कहा कि तीन अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं और आगे भी नुकसान हो सकता है, लेकिन अंत में यह कार्रवाई दुनिया के लिए अच्छा साबित होगी.