फर्जी टिकट पर रेलवे का बड़ा वार, रेल यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव! टिकट जांच में आएगा हाईटेक सिस्टम
Fake Train Tickets Now: भारतीय रेलवे ने फर्जी टिकट रोकने के लिए 7-लेयर वेरिफिकेशन सिस्टम लागू किया है, जिससे टीटीई मौके पर ही टिकट की जांच कर सकेंगे. अहमदाबाद में फर्जी टिकट मामले के बाद यह कदम उठाया गया. CRIS का TTE ऐप अनिवार्य किया गया है, जिससे रियल-टाइम स्कैनिंग और सख्त कार्रवाई संभव होगी.
फर्जी टिकट पर रेलवे की सख्ती
भारतीय रेलवे ने फर्जी टिकटों पर लगाम कसने के लिए बड़ा कदम उठाया है. अब यात्रियों के टिकट की जांच पहले से ज्यादा सख्ती और तकनीकी तरीके से की जाएगी. नई व्यवस्था के तहत ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के टिकट असली हैं या नकली, इसकी पहचान टिकट परीक्षक (टीटीई) मौके पर ही कर सकेंगे. इसके लिए “सात स्तरीय सत्यापन” प्रणाली लागू की जा रही है, जिससे धोखाधड़ी की संभावना काफी कम हो जाएगी.
अहमदाबाद घटना से मचा हड़कंप
21 मार्च 2026 को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक ही सीरियल नंबर वाले दो टिकट मिलने से पूरे रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया. यह मामला सामने आने के बाद अधिकारियों ने तुरंत जांच शुरू की और पाया कि टिकटों में गड़बड़ी सुनियोजित तरीके से की जा रही थी.
प्रयागराज से जुड़ा फर्जीवाड़ा
जांच में खुलासा हुआ कि प्रयागराज जंक्शन पर स्वचालित टिकट बिक्री मशीन से जुड़े कुछ कर्मी असली टिकट की फोटो कॉपी बनाकर बेच रहे थे. इस मामले में विनय और गौरव नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य संदिग्धों की जांच अभी जारी है.
पूरे देश में लागू होगी नई प्रणाली
इस घटना के बाद रेलवे ने टिकट सत्यापन प्रक्रिया को मजबूत करने का फैसला लिया है. “7-लेयर वेरिफिकेशन” सिस्टम को पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई गई है. इसकी शुरुआत प्रयागराज मंडल से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हो चुकी है और कई प्रमुख स्टेशनों पर इसे लागू भी किया जा चुका है.
क्या है 7-लेयर वेरिफिकेशन
नई प्रणाली के तहत टिकट की जांच सात स्तरों पर की जाएगी. इसमें यूनिक ट्रांजेक्शन नंबर, सुरक्षा पेपर का क्रमांक, सिस्टम जनरेटेड गुप्त कोड, सरकारी सुरक्षा स्याही और पेपर की जांच, अक्षरों की बनावट, प्रिंटिंग का तरीका और टिकट जारी होने का समय व स्थान शामिल हैं. यह बहु-स्तरीय जांच प्रक्रिया फर्जी टिकटों की पहचान को आसान बनाएगी.
टीटीई ऐप हुआ अनिवार्य
रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS) द्वारा विकसित “टीटीई ऐप” अब सभी टिकट जांच कर्मचारियों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है. यह ऐप मोबाइल और हैंडहेल्ड टर्मिनल (HHT) में काम करेगा और टिकट की रियल-टाइम स्कैनिंग करके तुरंत उसकी सत्यता की पुष्टि करेगा.
फर्जी टिकट मिलने पर कार्रवाई
अगर जांच के दौरान कोई टिकट फर्जी पाया जाता है, तो टीटीई ऐप के माध्यम से तुरंत मंडल नियंत्रण कक्ष को अलर्ट भेजा जाएगा. इसके अलावा, जिन कर्मचारियों के माध्यम से बार-बार संदिग्ध टिकट सामने आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
100% टिकट कलेक्शन का लक्ष्य
रेलवे ने फर्जी टिकटों पर रोक लगाने के लिए “टिकट कलेक्शन रजिस्टर” भी लागू किया है. अब स्टेशनों और ट्रेनों के सभी निकास द्वारों पर टिकटों का 100% संग्रह सुनिश्चित किया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, इस नई व्यवस्था से फर्जी टिकट गिरोहों पर लगाम लगेगी और यात्रियों की सुरक्षा व पारदर्शिता में बढ़ोतरी होगी.