Dhamtari IPL betting case: धमतरी पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सिटी कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में मोबाइल, सिम कार्ड और स्कूटी समेत कुल 1 लाख 20 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
ऑनलाइन सट्टेबाजों पर पुलिस की नजर
थाना सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस द्वारा लंबे समय से ऑनलाइन आईपीएल सट्टा चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। इसके लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाना शुरू किया। पुलिस को सूचना मिली कि बनियापारा निवासी शंकर मंगलानी (39 वर्ष) अपने मोबाइल के जरिए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से क्रिकेट मैचों में सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल उसके ठिकाने पर छापेमारी की।
मोबाइल, सिम और स्कूटी जब्त
छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और एक स्कूटी (CG 05 AN 6048) बरामद की गई। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 1,20,500 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7(1) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
विवेचना के दौरान पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर और अन्य डिजिटल लिंक के आधार पर उससे जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस मामले में और भी लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। आने वाले समय में भी ऐसे मामलों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.
Published by Ranjana Sharma
April 20, 2026 05:05:24 PM IST

