Ajit Pawar Plane Crash Live Updates : महाराष्ट्र से बुधवार को एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. महाराष्ट्र के बारामती जिले में बुधवार (28 जनवरी, 2026) को सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया. राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान की क्रैश लैंडिंग हुई. इस हादसे में उनकी जान चली गई. इसके बाद समर्थक दुखी हैं तो महाराष्ट्र में शोक की लहर है. घटनाक्रम के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री अजित पवार बुधवार सुबह करीब 8 बजे मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए. इस विमान में अजित पवार के साथ उनके निजी सुरक्षा गार्ड मौजूद थे. समाचार एजेंसियों के मुताबिक, बारामती एयरपोर्ट पर लैंड करने के दौरान विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. जमीन पर टकराने के बाद विमान में भीषण आग लग गई. कुछ ही देर में विमान जल गया. सूत्रों के मुताबिक विमान में मौजूद 4-5 लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद रेस्क्यू और आपातकालीन सेवाएं तुरंत सक्रिय कर दी गईं. समाचार एजेंसियों के मुताबिक, विमान जमीन पर टकराने के साथ ही कई टुकड़ों में बंट गया. इसके साथ ही इसमें आग लग गई. इसका वीडियो भी वायरल है, जिसमें विमान पूरी तरह से राख हो गया. बाद में इस बात की पुष्टि भी की गई कि इस विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के अलावा कई अन्य लोगों की मौत हो गई. मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को बारामती में जिला परिषद चुनाव के सिलसिले में अजित पवार की कई सभाएं आयोजित की गई थीं. इसी में शामिल होने के लिए अजित पवार जा रहे थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में उनके गृह गांव में किया जाएगा. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है.
Ajit Pawar Plane Crash Live Updates: अजित पवार के निधन पर शरद पवार ने कहा कि यह पूरी तरह एक दुर्घटना है और इसमें किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने एक ऐसा नेता खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है.
Ajit Pawar Plane Crash Live Updates: अजीत दादा का पार्थिव शरीर शाम 5 बजे से अंतिम दर्शन के लिए रख दिया गया है. वहीं, अंतिम यात्रा गुरुवार सुबह 9 बजे से निकलेगी. वहीं, अंतिम संस्कार सुबह 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में होगा.
Ajit Pawar Plane Crash Live Updates: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड ले जाया जा रहा है, ताकि लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें. बता दें कि बारामती जिले में बुधवार सुबह विमान क्रैश होने के बाद अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई.
Ajit Pawar Plane Crash Live Updates: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम इस दुर्घटना की जांच की मांग करेंगे. यह बहुत दुखद घटना है. अजीत पवार की असमय मौत हो गई. एक मेहनती इंसान के चले जाने से हम सब सदमे में हैं. दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के साथ हैं.
Ajit Pawar Plane Crash Live Updates: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर NCP-SCP प्रमुख शरद पवार से बात की और शोक व्यक्त किया. महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह एक विमान हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की मौत हो गई.