Holi Holiday 2026: होली पर डबल धमाका, 4 दिन लगातार रहेगी छुट्टी, एडवांस सैलरी से कर्मचारियों की मौज पक्की
Holi Holidays 2026: उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए इस बार होली खास रहने वाली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारियों का वेतन त्योहार से पहले खातों में पहुंच जाए. साथ ही अवकाश, ज्यादा बसों और सेफटी व्यवस्था को लेकर भी बड़े फैसले किए गए हैं.
होली से पहले वेतन का आदेश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी विभाग में वेतन वितरण में देरी न हो. नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाईकर्मियों को भी समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए. साफ कहा गया है कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.
चार दिन की छुट्टी से मिलेगा सुकून
सरकार ने 2, 3 और 4 मार्च को होली की छुट्टी का ऐलान किया है. 1 मार्च रविवार होने से कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी का लाभ मिलेगा.. 28 फरवरी (शनिवार) को कार्यदिवस रखा गया है, ताकि कामकाज संतुलित रहे और त्योहार में परिवार के साथ समय मिल सके.
बाजारों में बढ़ेगी रौनक
वेतन समय से मिलने का सीधा असर बाजारों पर पड़ेगा. त्योहार से पहले सैलरी आने से खरीदारी में तेजी आएगी और स्थानीय व्यापार को भी फायदा होगा. सरकार का मानना है कि इससे कर्मचारियों को मानसिक सुकून मिलेगा और त्योहार का आनंद दोगुना होगा.
यात्रियों के लिए ज्यादा बसें
होली पर घर लौटने वालों की भीड़ को देखते हुए 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा. जिन रूटों पर 60 प्रतिशत से ज्यादा यात्री लोड होगा, वहां तुरंत अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. निगम की सभी बसों को सड़कों पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं.
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त
त्योहार के दौरान दुर्घटनाओं और जाम की आशंका को देखते हुए प्रवर्तन दल एक्टिव रहेंगे. चालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट होगा और बसों की तकनीकी जांच की जाएगी. सीट, खिड़की और फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच के साथ बस स्टेशनों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा.
अतिरिक्त ड्यूटी पर प्रोत्साहन राशि
होली अवधि में ज्यादा ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा. तय किलोमीटर संचालन पर प्रतिदिन अतिरिक्त राशि मिलेगी. 10 दिन लगातार ड्यूटी पूरी करने वालों को अधिकतम 4500 रुपये तक का लाभ मिलेगा. कार्यशालाओं के कर्मचारियों के लिए भी अलग से प्रोत्साहन तय किया गया है.
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान
पर्व अवधि में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा. इससे कर्मचारियों में प्रतिस्पर्धा और जिम्मेदारी की भावना बढ़ेगी.