Katni auto theft: कटनी में वाहन चोरी के एक मामले में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घंटाघर क्षेत्र से चोरी हुए ऑटो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस ने न सिर्फ चोरी की वारदात का खुलासा किया, बल्कि शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर भी लगाम लगाने का संकेत दिया है।
घंटाघर से चोरी हुआ था ऑटो
जानकारी के अनुसार मझगवां फाटक निवासी नरेश चौधरी अपने परिवार के साथ ऑटो क्रमांक MP21R4283 से कटनी आए थे। उन्होंने घंटाघर क्षेत्र में ऑटो खड़ा किया और परिवार के साथ बाजार में खरीददारी करने चले गए। शाम करीब 6:30 बजे लौटने पर देखा कि उनका ऑटो मौके से गायब था। पीड़ित ने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 368/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति ऑटो चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संभावित रास्तों पर तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दुर्गा चौक खिरहनी निवासी बंटी उर्फ बिस्सू चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने घंटाघर से ऑटो चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रोशन नगर स्थित केंद्रीय विद्यालय एनकेजे के पीछे मरघट के पास झाड़ियों से चोरी किया गया ऑटो बरामद कर लिया।
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने नशे की आदत को पूरा करने के लिए इस चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.
Published by Ranjana Sharma
April 20, 2026 04:42:17 PM IST

