Noida violence: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक इलाकों में वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर भड़की हिंसा के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. आगजनी, पथराव और बवाल की घटनाओं के बाद पुलिस ने अब तक 400 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 100 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
हिंसा के बाद कड़ा एक्शन
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने साफ किया है कि हिंसा में शामिल आरोपितों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस लगातार दबिश देकर अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है और उनकी पहचान के लिए वीडियो, फोटो और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
36 संवेदनशील स्थान चिन्हित, 6000 जवान तैनात
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने नोएडा के 36 संवेदनशील इलाकों को चिन्हित किया है. यहां 12 जिलों की पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 6000 जवान तैनात किए गए हैं. हर चौकी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है और मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.
फेज-2 पथराव और हंगामा
मंगलवार सुबह फेज-2 के होजरी कॉम्प्लेक्स में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही थी, तभी आसपास के गांवों से 300-400 लोग इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे. पुलिस के पहुंचते ही पथराव शुरू हो गया. अर्धसैनिक बलों ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को खदेड़ा और 50 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया. पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ वीडियो और गलत जानकारी फैलाने के आरोप में 7 मुकदमे दर्ज किए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि संगठित गिरोहों द्वारा लोगों को भड़काने की कोशिश की गई.
वेतन वृद्धि पर सरकार का बड़ा फैसला
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में हाई पावर कमेटी की बैठक के बाद औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न्यूनतम वेतन में 21% तक बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. यह बढ़ोतरी खासतौर पर गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के श्रमिकों के लिए लागू होगी.
बाहरी तत्वों और फंडिंग की जांच तेज
पुलिस जांच में सामने आया है कि कई आरोपी स्थानीय फैक्ट्रियों से जुड़े नहीं थे. करीब 70 ऐसे लोगों की पहचान हुई है, जिनका किसी रोजगार से सीधा संबंध नहीं है. पुलिस को बाहरी राज्यों से अराजक तत्वों के शामिल होने और संदिग्ध फंडिंग के संकेत भी मिले हैं, जिसकी जांच जारी है. पुलिस और जिला प्रशासन ने श्रमिकों से शांति बनाए रखने और काम पर लौटने की अपील की है. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें.
Published by Ranjana Sharma
April 15, 2026 07:45:33 AM IST

