Surat-cylinder-blast: गुजरात के सूरत शहर के लिंबायत इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. मीठी खाड़ी के पास स्थित बेठी कॉलोनी में एक घर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई.
गैस लीक से लगी आग, फिर हुआ धमाका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घर में गैस लीक होने के कारण सबसे पहले आग लगी. आग तेजी से फैलते हुए घर में रखे गैस सिलेंडर तक पहुंच गई, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ. धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान आग की चपेट में आ गया और लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला. इस भीषण हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जिनमें चार महीने का एक मासूम शिशु और एक अन्य बच्चा भी शामिल है. बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए.
एक की हालत गंभीर, कई घायल
हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके अलावा कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है. स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की टीम ने मिलकर बचाव कार्य किया और आग पर काबू पाया.
जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घर में ज्वलनशील सामान का भारी मात्रा में भंडारण किया गया था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया. अधिकारियों ने घटना के बाद जांच शुरू कर दी है और लापरवाही के पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
Published by Ranjana Sharma
March 31, 2026 02:55:38 PM IST

