Hapur road accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया, धौलाना-गुलावठी रोड पर यात्रियों से भरी एक बस और तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पुलिस-प्रशासन ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया.
कैसे हुआ भीषण हादसा
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही बारात की बस कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बस पर पलट गया और बस पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई, जिसमें यात्री दब गए और घटनास्थल पर ही कोहराम मच गया.
6 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही हापुड़ के SP ज्ञानंजय सिंह समेत करीब 6 थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई, स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, बस के मलबे में दबे यात्रियों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.
6 की मौत, 7 गंभीर घायल
इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 घायलों को एम्बुलेंस की मदद से रामा मेडिकल कॉलेज, जीएस मेडिकल कॉलेज और सीएचसी धौलाना में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, सभी घायलों का इलाज जारी है.
बस में कुल 12 लोग थे सवार
पुलिस के अनुसार बस में कुल 12 यात्री सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है, जिसकी संभावना ट्रक चालक के रूप में जताई जा रही है, बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. प्रशासन ने घटनास्थल से ट्रक और क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया है, पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है.
Published by Ranjana Sharma
April 13, 2026 07:26:45 AM IST

