Chandigarh blast: चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर एक स्कूटी में हुए धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे हुई, जिसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. धमाके के बाद पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं. पूरे इलाके को सील कर दिया गया है.
स्कूटी में हुआ धमाका, बाल-बाल बचे लोग
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 5 बजे भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और कार्यालय के भीतर भी कोई नुकसान नहीं हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए. Pushpendra Kumar (एसएसपी/आईजी) भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. इसके अलावा फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वॉड, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. जांच एजेंसियां सबूत जुटाने में लगी हैं.
पूरे शहर में अलर्ट, इलाका सील
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि विस्फोट के पीछे की साजिश का पता लगाया जा सके. स्कूटी किसकी थी और वहां कैसे पहुंची, इसकी जांच जारी है. घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है. साथ ही एहतियात के तौर पर पूरे शहर में अलर्ट जारी किया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके.चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर हुआ यह धमाका सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. हालांकि राहत की बात यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं.
Published by Ranjana Sharma
April 1, 2026 06:40:30 PM IST

