July 27, 2024
  • होम
  • Droupadi Murmu records: द्रौपदी मुर्मू के जीतते ही बने ये पांच रिकॉर्ड

Droupadi Murmu records: द्रौपदी मुर्मू के जीतते ही बने ये पांच रिकॉर्ड

  • WRITTEN BY: Aanchal Pandey
  • LAST UPDATED : July 21, 2022, 9:30 pm IST

नई दिल्ली, आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल कर इतिहास रच लिया है. द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति है, जबकि भारत की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं. दिन भर वोटों की गिनती की गई, जिसमें द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर जीत हासिल की. द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 वोट मिले हैं और देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बन गई हैं. अब ममता बनर्जी ने द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी है. कुल तीनों राउंड की वोटिंग की बात करें तो कुल वोट 3219 थे. इनकी वैल्यू 8,38,839 थी, जिसमें से द्रौपदी मुर्मू को 2161 वोट (वैल्यू 5,77,777) मिले. वहीं यशवंत सिन्हा को 1058 वोट (वैल्यू 2,61,062) मिले. द्रौपदी मुर्मू की जीत के साथ ही पांच नए रिकॉर्ड बने हैं, आइए आपको उनके बारे में बताते हैं:

पहली आदिवासी राष्ट्रपति

देश को मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और के आर नारायणन के रूप में दो दलित राष्ट्रपति मिल चुके हैं लेकिन द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी नेता हैं जो कि देश की सर्वोच्च नागरिक बन चुकी हैं. आज तक देश में कोई आदिवासी न तो प्रधानमंत्री रहा है और न ही गृह मंत्री, ऐसे में ओडिशा में जन्मीं द्रौपदी मुर्मू 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं. खास बात यह भी है कि वह ऐसी पहली राज्यपाल थी जिन्होंने झारखंड में अपना कार्यकाल पूरा किया था.

सबसे युवा राष्ट्रपति

द्रौपदी मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को हुआ था और 25 जुलाई को शपथ लेते समय उनकी उम्र 64 साल 1 महीना और 8 दिन होगी. द्रौपदी मुर्मू अब तक की सबसे युवा राष्ट्रपति होंगी, इससे पहले यह रिकॉर्ड नीलम संजीव रेड्डी के नाम था क्योंकि जब वह राष्ट्रपति बने तो उनकी उम्र 64 साल दो महीने और 6 दिन थी.

आजाद भारत में पैदा होने वाली राष्ट्रपति

द्रौपदी मुर्मू पहली ऐसी राष्ट्रपति होंगी जिन्होंने आजाद भारत में जन्म लिया है, यूं भी कह सकते हैं कि भारत गणतंत्र में जन्म लिया है. मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जन्म 1 अक्टूबर 1945 को हुआ था, बता दें कि 2014 तक जितने भी प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बने, सबका ही जन्म आजादी से पहले हुआ था, प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को हुआ था ऐसे में वह आजाद भारत में जन्म लेने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं और द्रौपदी मुर्मू आज़ाद भारत में जन्म लेने वाली पहली राष्ट्रपति हैं.

ओडिशा से पहला राष्ट्रपति

देश में अब तक जो 14 राष्ट्रपति हुए हैं उनमें से 7 का ताल्लुक दक्षिण भारत से था, वहीं डॉ. राजेंद्र प्रसाद ऐसे राष्ट्रपति थे जो कि दो बार राष्ट्रपति बने और वो बिहार से ताल्लुक रखते थे. द्रौपदी मुर्मू ओडिशा की पहली ऐसी नेता हैं जो कि इस शीर्ष पद तक पहुंची हैं, वह देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं.

राष्ट्रपति बनने वाली पहली पार्षद

द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनने वाली ऐसी पहली नेता हैं जो पार्षद रह चुकी हैं, द्रौपदी मुर्मू सबसे पहले एक शिक्षक थीं, इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा था.

 

National Herald Case: सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ जारी, देशभर में कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन

Tags

विज्ञापन

शॉर्ट वीडियो

विज्ञापन