July 27, 2024
  • होम
  • राज्यसभा चुनाव का नामांकन आज से, 15 राज्यों की 57 सीटों पर होगा चुनाव, देखें लिस्ट

राज्यसभा चुनाव का नामांकन आज से, 15 राज्यों की 57 सीटों पर होगा चुनाव, देखें लिस्ट

नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव को लेकर आज अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने का काम शुरू हो रहा है। 15 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों के लिए 10 जून को चुनाव होना है। नामांकन पत्र 31 मई तक दाखिल किए जा सकते हैं। वहीं, नामांकन पत्रों की जांच 1 जून को की जाएगी। उम्मीदवार 3 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। 10 जून को सुबह 9 बजे से 4 बजे तक मतदान होगा। उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी।

15 राज्यों के 57 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल जून से अगस्त के बीच समाप्त हो रहा है। जिन अहम नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें केंद्र सरकार में मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, पीयूष गोयल, कांग्रेस नेता जयराम रमेश, कपिल सिब्बल और अंबिका सोनी शामिल हैं। वहीं, बसपा के सतीश चंद्र मिश्रा का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है। इन सभी राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून से 1 अगस्त के बीच समाप्त हो रहा है।

यूपी में 11 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल हो रहा खत्म

देश में राज्यसभा की 245 सीटें हैं। जिनमें से वर्तमान में भाजपा के पास 95 राज्यसभा सदस्य हैं जबकि कांग्रेस के पास 29 राज्यसभा सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा में सबसे अधिक 31 सदस्य हैं। इनमें से 11 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल 4 जुलाई को समाप्त हो रहा है। महाराष्ट्र और तमिलनाडु के 6-6 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। बिहार से 5 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इसके अलावा राजस्थान, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से राज्यसभा के 4-4 सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।

क्या भाजपा के राज्यसभा सदस्यों की संख्या कम होगी?

मध्य प्रदेश और ओडिशा से तीन-तीन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। छत्तीसगढ़, तेलंगाना, झारखंड, पंजाब और हरियाणा से दो-दो राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार राज्यसभा चुनाव के बाद बीजेपी के राज्यसभा सदस्यों की संख्या घट सकती है। पंजाब में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद आप उम्मीदवार यहां दोनों सीटों पर कब्जा कर सकते हैं। पंजाब से अकाली दल के एकमात्र राज्यसभा सदस्य बलविंदर सिंह भुंदर और कांग्रेस की अंबिका सोनी का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है।

किस राज्य में राज्यसभा की कितनी सीटों पर चुनाव

उत्तर प्रदेश 11
महाराष्ट्र 6
तमिलनाडु 6
आंध्र प्रदेश 4
बिहार 5
झारखंड 2
राजस्थान 4
पंजाब 2
हरियाणा 2
उत्तराखंड 1
कर्नाटक 4
ओडिशा 3
मध्य प्रदेश 3
तेलंगाना 2
छत्तीसगढ़ 2

 

दिल्ली बारिश: तेज हवा के चलते गिरे 100 से ज्यादा पेड़, कहीं गिरी छत तो कहीं सड़कें जाम, दिल्ली में बारिश से कोहराम

Tags

विज्ञापन

शॉर्ट वीडियो

विज्ञापन