5
Selfie Dad Story: सोशल मीडिया पर अक्सर माता-पिता अपने बच्चों की पोस्ट को लेकर नाराज नजर आते हैं. कई बार डांट पड़ती है तो कई बार फोन छीन लिया जाता है. लेकिन अमेरिका के एक पिता ने अपनी बेटी को समझाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि आज भी लोग उसकी मिसाल देते हैं. उन्होंने न गुस्सा किया, न कोई लंबा-चौड़ा लेक्चर दिया, बल्कि बेटी की हर सेल्फी को उसी अंदाज में रीक्रिएट करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते उनकी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो गईं और लोग उन्हें ‘Selfie Dad’ के नाम से जानने लगे.
यह दिलचस्प कहानी अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के रहने वाले क्रिस ‘बर’ मार्टिन और उनकी बेटी कैसी की है. साल 2016 में कैसी इंस्टाग्राम पर ग्लैमरस और स्टाइलिश सेल्फियां पोस्ट करती थीं. इन तस्वीरों पर कई तरह के कमेंट भी आते थे.क्रिस चाहते तो बेटी को डांट सकते थे, लेकिन उन्होंने अलग रास्ता चुना. उन्होंने बेटी की हर सेल्फी को बिल्कुल उसी पोज, उसी एक्सप्रेशन और उसी स्टाइल में दोबारा बनाना शुरू कर दिया. उनका मकसद बेटी का मजाक उड़ाना नहीं, बल्कि हल्के-फुल्के अंदाज में उसे सोशल मीडिया की हकीकत समझाना था.
छोटी-छोटी डिटेल्स ने जीत लिया लोगों का दिल
क्रिस ने हर तस्वीर को रीक्रिएट करने के लिए गजब की क्रिएटिविटी दिखाई. कभी ब्लैक टेप से आइब्रो बनाई, तो कभी पेड़ की पत्तियों से हेयर एक्सेसरी तैयार कर ली. यहां तक कि बेटी के टैटू की नकल करने के लिए उन्होंने मार्कर से अपने शरीर पर वैसी ही डिजाइन बना ली.जब ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर हुईं तो लोगों ने उन्हें हाथोंहाथ लिया. हजारों यूजर्स ने इन तस्वीरों को शेयर किया और पिता की हाजिरजवाबी की जमकर तारीफ की.
बेटी से ज्यादा हो गए पापा के फॉलोअर्स
कुछ ही समय में क्रिस सोशल मीडिया पर इतने लोकप्रिय हो गए कि उनके इंस्टाग्राम पर 1.5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए. मजेदार बात यह रही कि फॉलोअर्स के मामले में उन्होंने अपनी बेटी को भी पीछे छोड़ दिया.उनकी लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि उन्हें कई टीवी टॉक शोज में बुलाया गया. कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने भी उनकी इस अनोखी कहानी को जगह दी.
वायरल होने के बाद बदल गई जिंदगी
सोशल मीडिया पर मिली पहचान के बाद क्रिस ने स्टैंड-अप कॉमेडी और इवेंट होस्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा. उनकी लोकप्रियता को देखते हुए 2020 में ‘Selfie Dad’ नाम से एक कॉमेडी फिल्म भी बनाई गई.आज भी जब उनकी पुरानी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होती हैं, लोग यही कहते हैं कि बच्चों को समझाने का इससे बेहतर और मजेदार तरीका शायद ही कोई हो सकता है.